US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों की निजी जिंदगी पर भी दिखाई दे रहा है। ईरान से मिल रही कथित जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी अपने सामान्य आवास छोड़कर सैन्य ठिकानों के भीतर बने सुरक्षित घरों में रहने पर मजबूर हैं। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
मार्को रुबियो-हेगसेथ समेत 5 अधिकारी सेना के पहरे में रह रहे। AI IMAGE
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब आधा दर्जन वरिष्ठ अधिकारी वॉशिंगटन के आसपास सैन्य आवासों में रह रहे हैं। इन घरों की खासियत है कि ये नियंत्रित प्रवेश वाले सैन्य परिसरों के भीतर हैं और यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि सभी अधिकारियों ने हाल ही में ईरान की धमकियों के बाद घर छोड़ा है। कुछ अधिकारी पहले से ही सैन्य आवास में रह रहे थे।
कौन-कौन से अधिकारी सैन्य ठिकानों में रह रहे हैं?
रिपोर्ट्स में जिन पांच प्रमुख नामों का जिक्र किया गया है, उनमें शामिल हैं।
मार्को रुबियो: अमेरिका के विदेश मंत्री सैन्य आवास में रह रहे हैं। उनका घर फोर्ट मैकनेयर के 'जनरल्स रो' इलाके में बताया गया है।
पीट हेगसेथ: रक्षा मंत्री भी फोर्ट मैकनेयर में सैन्य आवास में रहते हैं। उनका घर पहले सेना के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ के इस्तेमाल में था।
स्कॉट बेसेंट: अमेरिकी वित्त मंत्री ने ईरान से मिली कथित जान से मारने की धमकियों के बाद अपना जॉर्जटाउन स्थित घर छोड़कर सैन्य ठिकाने पर शरण ली है।
टॉड ब्लैंच: अमेरिका के अटॉर्नी जनरल भी सुरक्षा कारणों से सैन्य परिसर में रहने चले गए हैं।
स्टीफन मिलर: व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ सैन्य आवास में रह रहे हैं। उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन और निजी पता सार्वजनिक किए जाने के बाद परिवार ने यह कदम उठाया था।
ईरान की धमकियों के बाद क्यों बढ़ी चिंता?
अमेरिकी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता उस समय और बढ़ गई, जब ईरान की ओर से ट्रंप प्रशासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित धमकियों की खबरें सामने आईं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी सार्वजनिक रूप से कहा था कि ईरान ने उन्हें और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकियां दी हैं।
बेसेंट ईरान के खिलाफ अमेरिकी आर्थिक दबाव अभियान में अहम भूमिका निभा रहे हैं। अमेरिका ने ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के लिए प्रतिबंधों और अन्य वित्तीय उपायों का सहारा लिया है। बेसेंट ने कहा था कि धमकियों के बावजूद वह अपना काम जारी रखेंगे।
इसके अलावा, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ईरान की ओर से अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की संभावित योजनाओं को लेकर चिंता जताई थी। रिपोर्ट्स में वॉशिंगटन में रेडियोधर्मी सामग्री फैलाने वाले 'डर्टी बम' या रासायनिक हथियार से हमले की आशंका का भी जिक्र किया गया था। हालांकि, इन कथित योजनाओं की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
100 साल से भी पुराने हैं ये सैन्य आवास
इन सैन्य आवासों की एक खास बात यह है कि इनमें से कई घर 100 साल से भी ज्यादा पुराने हैं। ये वॉशिंगटन के आसपास सैन्य परिसरों में बने हैं, जहां प्रवेश नियंत्रित रहता है और सुरक्षा के लिए सेना की मौजूदगी होती है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का आवास फोर्ट मैकनेयर के 'जनरल्स रो' इलाके में है। यह सैन्य अधिकारियों के लिए बनाए गए आवासीय परिसर के रूप में जाना जाता है।
हालांकि, इन घरों में रहने वाले अधिकारियों को मुफ्त आवास नहीं मिलता। उन्हें इसके लिए किराया देना पड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य आवास का किराया आमतौर पर 4,500 डॉलर (करीब चार लाख रुपये) प्रति माह से अधिक हो सकता है। यह रकम घर के आकार और सुविधाओं के आधार पर अलग-अलग होती है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के आवास का किराया करीब 4,620 डॉलर प्रति माह बताया गया है।
सैन्य आवास में रहने पर उठ रहे सवाल
ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के सैन्य परिसरों में रहने के फैसले पर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या सैन्य आवास, जो पारंपरिक रूप से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के लिए होते हैं, उनका इस्तेमाल राजनीतिक नियुक्तियों पर बैठे नागरिक अधिकारी भी कर सकते हैं?
इस मामले में अमेरिकी सांसदों ने भी जवाब मांगा है। हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी ने पेंटागन से सैन्य आवासों में रह रहे राजनीतिक अधिकारियों की जानकारी देने को कहा है। इसमें यह बताने को कहा गया है कि किन अधिकारियों को सुरक्षा कारणों से वहां रखा गया है, उन्हें इसकी अनुमति किस कानूनी आधार पर मिली और वे कितना किराया दे रहे हैं। सांसद यह भी सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सैन्य आवास में रहने वाले अधिकारी उचित बाजार दर के हिसाब से किराया चुका रहे हैं या नहीं।
पहले भी सैन्य आवास में रह चुके हैं अमेरिकी मंत्री
अमेरिकी अधिकारियों का सैन्य ठिकानों पर रहना कोई बिल्कुल नई परंपरा नहीं है। पूर्व रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स भी सैन्य आवास में रहने वाले शुरुआती रक्षा मंत्रियों में शामिल थे। साल 2008 में इस व्यवस्था को लेकर नियमों में बदलाव किया गया था, ताकि वरिष्ठ अधिकारियों को सैन्य परिसरों में आवास उपलब्ध कराया जा सके।
डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस सैन्य आवास में रहे थे। बाद में विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने भी सैन्य आवास लेने की कोशिश की थी और अंततः फोर्ट मायर में रहे।
