LIVE

Iran War Live Updates: बहरीन की तेल रिफाइनरी पर हमले के बाद फोर्स मेज्योर घोषित...इजराइल ने लेबनान पर हमले किए तेज

Iran War Live Updates In Hindi: ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच जंग नौंवे दिन प्रवेश कर गई है। इस युद्ध ने पूरे विश्व को प्रभावित कर रखा है और तेल की आपूर्ति पर असर पड़ा है।ईरान पर इजराइल ने मिसाइल हमलों की बौछार कर दी है। शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल डिपो के ऊपर आग की लपटें उठती दिखी जिससे ईरान युद्ध और भड़क उठा। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक सप्ताह से चल रहे इस संघर्ष के अगले चरण के लिए कई बड़े हमलों का वादा किया। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर रूस ने ईरान को मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाने में मदद करने के लिए जानकारी दी है, तो यह बात महत्वहीन है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते से युद्ध जारी है। राष्ट्रपति ने ऐसी सूचना-साझाकरण के महत्व को खारिज कर दिया। उधर, स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने कहा कि स्पेन ने ईरान स्थित अपना दूतावास खाली करा लिया है। अल्बारेस ने लिखा, तेहरान में रुके राजदूत और आवश्यक कर्मचारी अभी-अभी अजरबैजान की सीमा पार कर चुके हैं और सुरक्षित हैं।
Iran War Live Updates: बहरीन की तेल रिफाइनरी पर हमले के बाद फोर्स मेज्योर घोषित...इजराइल ने लेबनान पर हमले किए तेज
  • ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच जंग नौंवे दिन प्रवेश कर गई है
  • ईरान पर इजराइल ने रात भर मिसाइल हमलों की बौछार की
  • शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल डिपो के ऊपर आग की लपटें उठती दिखीं
  • रूस की ओर से ईरान को खुफिया सुचनाएं साझा करने का मुद्दे को ट्रंप ने महत्वहीन बताया
  • स्पेन ने ईरान स्थित अपना दूतावास खाली करा लिया है
Mar 9, 2026 | 02:33 PM IST

ब्रिटेन की प्रतिक्रिया की आलोचना के बाद स्टार्मर ने ट्रंप से बात की

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने डोनाल्ड ट्रंप से पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा करने के लिए बात की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर हुए हमलों के जवाब में ब्रिटेन की प्रतिक्रिया की कड़ी आलोचना की थी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर स्टार्मर की विमानवाहक पोतों को इस क्षेत्र में भेजने की योजना को पहले से जीती हुई लड़ाइयों में शामिल होने का प्रयास बताते हुए खारिज कर दिया। डाउनिंग स्ट्रीट ने रविवार को ट्रंप-स्टार्मर की बातचीत का विवरण जारी किया, जिसे ब्रिटेन-अमेरिका के तथाकथित विशेष संबंधों को सुधारने का प्रयास माना जा रहा है। डाउनिंग स्ट्रीट के एक प्रवक्ता ने कहा, दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व की ताजा स्थिति और इस क्षेत्र में साझेदारों की सामूहिक आत्मरक्षा के समर्थन में रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) ठिकानों के उपयोग के माध्यम से ब्रिटेन और अमेरिका के बीच सैन्य सहयोग पर चर्चा के साथ बातचीत शुरू की। प्रधानमंत्री ने छह अमेरिकी सैनिकों की मौत पर राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी जनता के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जल्द ही दोबारा बातचीत करने की उम्मीद जताई।
Mar 9, 2026 | 01:21 PM IST

इजराइल ने व्हाइट फॉस्फोरस के गोले दागे, ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा

मानवाधिकारों की रक्षा करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था 'ह्यूमन राइट्स वॉच' (Human Rights Watch) ने एक चौंकाने वाली रिपोर्ट जारी की है। संस्था का कहना है कि इजरायली सेना ने 3 मार्च 2026 को दक्षिणी लेबनान के योहमोर कस्बे में रिहायशी घरों के ऊपर तोप से व्हाइट फॉस्फोरस के गोले दागे। यह कदम अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन माना जा रहा है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सात तस्वीरों का विश्लेषण और जियोलोकेशन के बाद इसकी पुष्टि की है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि रिहायशी इलाके के ऊपर हवा में सफेद फॉस्फोरस के गोले फट रहे हैं। इसके साथ ही, रिपोर्ट में नागरिक सुरक्षा कर्मियों को कम से कम दो घरों और एक कार में लगी आग को बुझाते हुए भी देखा गया है। लेबनान में ह्यूमन राइट्स वॉच के शोधकर्ता रैमजी कैस ने कहा, "रिहायशी इलाकों में सफेद फॉस्फोरस का इस्तेमाल बेहद चिंताजनक है। इसके परिणाम नागरिकों के लिए भयानक हो सकते हैं। इससे होने वाली जलन न केवल मौत का कारण बन सकती है, बल्कि इंसान को जीवन भर का शारीरिक कष्ट भी दे सकती है।
Mar 9, 2026 | 01:19 PM IST

बहरीन की तेल रिफाइनरी पर हमले के बाद फोर्स मेज्योर घोषित

बहरीन की तेल रिफाइनरी पर हमले के बाद अप्रत्याशित घटना (फोर्स मेज्योर) घोषित की गई है। एपी के अनुसार, बहरीन की सरकारी तेल कंपनी बीएपीसीओ ने ईरान के हमले में अपनी रिफाइनरी में आग लगने के बाद अपने शिपमेंट के लिए अप्रत्याशित घटना (फोर्स मेज्योर) की घोषणा कर दी है। अप्रत्याशित घटना (फोर्स मेज्योर) की घोषणा सरकारी समाचार एजेंसी ने की। यह एक कानूनी प्रक्रिया है जिसके तहत असाधारण परिस्थितियों के कारण कोई कंपनी अपने संविदात्मक दायित्वों से मुक्त हो जाती है।
इस एजेंसी ने कहा कि कंपनी का संचालन मध्य पूर्व में चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष और हाल ही में रिफाइनरी परिसर पर हुए हमले से प्रभावित हुआ है।
Mar 9, 2026 | 01:06 PM IST

ब्रेंट क्रूड 120 डॉलर प्रति बैरल तक उछलने के बाद थोड़ा नरम पड़ा

पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष तेज होने के बीच सोमवार को कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में जबर्दस्त उछाल देखा गया। कच्चा तेल करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाने के बाद थोड़ा नरम पड़ता नजर आया। ईरान पर अमेरिका एवं इजराइल के हमले से पैदा हुए हालात में कच्चे तेल की आपूर्ति बड़े पैमाने पर बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। इस वजह से कच्चे तेल की कीमतों में जबर्दस्त तेजी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर 119.50 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। हालांकि बाद में यह घटकर 112.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। वहीं, अमेरिका में उत्पादित होने वाला हल्का कच्चा तेल वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) 119.48 डॉलर तक पहुंचने के बाद घटकर 110.17 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग के दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर जाने से फारस की खाड़ी से तेल और गैस के उत्पादन तथा परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर असर पड़ रहा है। स्वतंत्र शोध कंपनी रिस्टैग एनर्जी के मुताबिक, हर दिन लगभग 1.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते भेजा जाता रहा है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत है। लेकिन ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के कारण इस मार्ग से तेल टैंकरों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में खासा उछाल देखने को मिला है।
Mar 9, 2026 | 12:38 PM IST

भारत बाजार में उपलब्ध रूसी तेल खरीद कर अपनी रिफाइनरियों में भेजे: अमेरिकी ऊर्जा मंत्री

अमेरिका ने भारत से अनुरोध किया है कि वह समुद्री परिवहन में पहले से मौजूद रूसी कच्चे तेल को खरीदकर उसे भारतीय रिफाइनरियों की ओर मोड़ दे, ताकि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच आपूर्ति में संभावित कमी और कीमतों में उछाल की आशंकाओं को कम किया जा सके। अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि यह कदम बाजार को स्थिर रखने के लिए एक अल्पकालिक और व्यावहारिक प्रयास है। इसके साथ ही राइट ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मतलब रूसी तेल को लेकर अमेरिका की नीति में किसी बदलाव का संकेत नहीं है। उन्होंने रविवार को सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि उन्होंने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के साथ मिलकर भारतीय अधिकारियों से बात की थी ताकि चीनी रिफाइनरियों में उतारे जाने की प्रतीक्षा कर रहे रूसी कच्चे तेल के कार्गो को भारत खरीद सके। राइट ने कहा, भारत इस मामले में एक अच्छा सहयोगी रहा है। मैंने और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भारतीय अधिकारियों से फोन पर बात की और कहा कि अभी बहुत सारा तेल चीन की रिफाइनरियों में उतारा जाना है। उन्होंने कहा, वहां तेल को उतारने के लिए छह सप्ताह तक इंतजार कराने के बजाय, इसे पहले ही भारत खरीदकर अपनी रिफाइनरियों में भेजे ताकि तेल की कमी की आशंका, कीमतों में अचानक बढ़ोतरी और बाजार में व्याप्त चिंताओं को कम किया जा सके।
Mar 9, 2026 | 12:10 PM IST

पश्चिम एशिया की स्थिति पर एस. जयशंकर का संसद में बयान

पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम को लेकर आज विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसद में बयान दिया है और हालिया घटनाक्रम पर चिंता जताई है। राज्यसभा में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम हम सभी के लिए गहरी चिंता का विषय हैं। पश्चिम एशिया संघर्ष पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि हमारा मानना है कि सभी मुद्दों को सुलझाने के लिए संवाद और चर्चा का सहारा लेना चाहिए। प्रधानमंत्री पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख रहे हैं। राज्यसभा में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि पश्चिम एशिया में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस समय नेतृत्व स्तर पर ईरान के साथ संपर्क स्पष्ट रूप से कठिन है; मैंने ईरानी विदेश मंत्री से बात की है। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की स्थिति पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, इस समय नेतृत्व स्तर पर ईरान से संपर्क स्पष्ट रूप से कठिन है...ईरान के विदेश मंत्री ने कोच्चि बंदरगाह पर ईरानी युद्धपोत लावन को डॉक करने की अनुमति देने के इस मानवीय कदम के लिए भारत का आभार जताया है।
Mar 9, 2026 | 10:36 AM IST

सऊदी अरब ने ईरान को चेतावनी दी

सऊदी अरब ने सोमवार को ईरान को आगाह किया कि अगर वह अरब देशों पर हमले करता रहा तो उसे अब तक का सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। सऊदी अरब का यह बयान उस नए ड्रोन हमले के बाद आया, जिसमें जाहिर तौर पर उसके बड़े शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाया गया। सऊदी अरब ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन द्वारा शनिवार को दिए गए इस बयान को भी खारिज कर दिया कि ईरान ने खाड़ी अरब देशों पर अपने हमले रोक दिए हैं। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, देश इस बात की पुष्टि करता है कि ईरानी पक्ष ने इस बयान पर अमल नहीं किया, न तो राष्ट्रपति के भाषण के दौरान और न ही उसके बाद। ईरान ने बिना किसी ठोस वजह के अपना आक्रमण जारी रखा है। बयान में कहा गया कि ईरानी हमले का मतलब है, "और अधिक तनाव की स्थिति, जिसका वर्तमान और भविष्य में संबंधों पर गंभीर असर पड़ेगा।
Mar 9, 2026 | 10:22 AM IST

एक और अमेरिकी सैनिक की मौत

अमेरिकी केंद्रीय कमान ने ट्वीट किया, कल रात, मध्य पूर्व में ईरानी शासन के शुरुआती हमलों के दौरान लगी चोटों के कारण एक अमेरिकी सैनिक का निधन हो गया। 1 मार्च को सऊदी अरब में अमेरिकी सैनिकों पर हुए हमले में सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान कार्रवाई में शहीद होने वाला यह सातवां सैनिक है। युद्ध अभियान जारी हैं। शहीद सैनिक की पहचान उसके परिजनों को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद तक गुप्त रखी जाएगी।
Mar 9, 2026 | 10:15 AM IST

सऊदी अरब में मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की नहीं गई जान

सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है। रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह बात कही। दूतावास ने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई। दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित सऊदी प्रशासन के संपर्क में है। परामर्शदाता (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर ने रविवार रात अल खर्ज का दौरा किया और घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास ने बताया, उनका (घायल व्यक्ति का) अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। रविवार को सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया था कि अल खर्ज में रखरखाव और सफाई से संबंधित एक कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक था।
Mar 9, 2026 | 09:10 AM IST

बहरीन में तेहरान के ड्रोन हमले में 32 नागरिक घायल

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि खाड़ी देश के सिट्रा द्वीप को निशाना बनाकर किए गए ईरानी ड्रोन हमले में 32 से अधिक नागरिक घायल हो गए हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सभी घायल बहरीनी नागरिक हैं और चार लोगों की हालत गंभीर है।
Mar 9, 2026 | 09:08 AM IST

तेहरान का परमाणु खतरा समाप्त करने के लिए तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जायज, बोले ट्रंप

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक तेल की कीमतों में आई तेजी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर इससे तेहरान का परमाणु खतरा समाप्त हो जाता है, तो यह अल्पकालिक उछाल जायज है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने तर्क दिया कि ईरान की परमाणु क्षमता नष्ट होने के बाद तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी, और कहा कि केवल मूर्ख ही इससे अलग सोचेंगे। इसे अमेरिकी और विश्व सुरक्षा और शांति के लिए चुकाई जाने वाली एक छोटी कीमत बताते हुए ट्रंप ने लिखा, अल्पकालिक तेल की कीमतें, जो ईरान के परमाणु खतरे के विनाश के बाद तेजी से गिरेंगी, अमेरिका और विश्व की सुरक्षा
Mar 8, 2026 | 06:10 PM IST

लेबनान-इजरायल संघर्ष में बढ़ा मौत का आंकड़ा, एक हफ्ते में लगभग 400 लोगों की मौत; 83 बच्चे शामिल

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच Lebanon ने बड़ा दावा किया है। लेबनान के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में Hezbollah और Israel के बीच हुई झड़पों में करीब 400 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 83 बच्चे भी शामिल हैं, जिससे हालात की गंभीरता और बढ़ गई है।

लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही हवाई हमलों और सैन्य कार्रवाई के कारण नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया, जिससे बड़ी संख्या में आम लोग हताहत हुए हैं।

संघर्ष के चलते हजारों लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। सीमावर्ती इलाकों में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं।
Mar 8, 2026 | 04:35 PM IST

ईरानी हमलों के बीच UAE का बड़ा दावा, 16 मिसाइलें और 113 ड्रोन किया इंटरसेप्ट



संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने 17 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया, जिनमें से 16 को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि एक मिसाइल समुद्र में गिर गई। इसके अलावा 117 ड्रोन (UAV) भी डिटेक्ट किए गए, जिनमें से 113 को इंटरसेप्ट कर मार गिराया गया, जबकि 4 ड्रोन देश की सीमा के भीतर गिर गए। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ईरानी हमलों की शुरुआत से अब तक कुल 238 बैलिस्टिक मिसाइलें डिटेक्ट की गई हैं। इनमें से 221 मिसाइलें नष्ट कर दी गईं। 15 समुद्र में गिरीं गईं और 2 मिसाइलें देश के भीतर गिरीं।
Mar 8, 2026 | 02:33 PM IST

इजरायल ने दी खामेनेई के उत्तराधिकारी को निशाना बनाने की चेतावनी

इजरायल की सेना ने चेतावनी दी है कि वह ईरान के मारे गए सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के उत्तराधिकारी और देश के नए नेता के चयन में शामिल व्यक्तियों को निशाना बनाएगी। यह चेतावनी उस समय आई है जब ईरानी राज्य मीडिया ने रिपोर्ट किया कि तेहरान जल्द ही नए सर्वोच्च नेता की नियुक्ति करने वाला है। इजरायली रक्षा बलों ने बयान में कहा, “तानाशाह खामेनेई के खात्मे के बाद ईरानी आतंकी शासन नया सर्वोच्च नेता चुनने की कोशिश कर रहा है। इजरायल का लंबा हाथ उसके उत्तराधिकारी और उसे नियुक्त करने वालों तक पहुंचेगा।” सेना ने उन व्यक्तियों को भी चेतावनी दी है जो उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में शामिल हैं।
Mar 8, 2026 | 02:24 PM IST

तेहरान के तेल डिपो पर हमले के बाद डिस्ट्रिब्यूशन बंद

तेहरान में तेल डिपो पर अमेरिकी और इज़राइली हमलों के बाद ईंधन वितरण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। राजधानी के गवर्नर मोहम्मद सादेग मोतामेदियन ने सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के हवाले से बताया कि “ईंधन आपूर्ति नेटवर्क को हुए नुकसान के कारण वितरण अस्थायी रूप से बाधित हुआ है।” उन्होंने यह भी कहा कि समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी
Mar 8, 2026 | 01:28 PM IST

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने चेतावनी दी है कि किसी भी घटना स्थल की तस्वीरें लेना, उन्हें प्रकाशित करना या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करना सख़्त मना है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियां स्थानीय कानूनों का उल्लंघन मानी जा सकती हैं और इससे गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
Mar 8, 2026 | 01:28 PM IST

इजरायल के लेबनान पर हमले में 12 लोगों की जान गई

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजरायल ने रविवार तड़के दक्षिणी लेबनान और बेरूत पर फिर से हमला किया, जिसमें 12 और लोग मारे गए। मध्य पूर्व में युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायली अधिकारियों ने कहा कि ये हमले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कुद्स फोर्स की लेबनानी शाखा के कमांडरों को निशाना बनाकर किए गए थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संघर्ष के अगले चरण के लिए कई आश्चर्यजनक कारनामों का वादा किया था। इस बीच, कुवैत में मिसाइलों और ड्रोन के हमले में दो सीमा रक्षक मारे गए। शनिवार को, तेहरान में एक तेल भंडारण सुविधा पर इजरायली हमला हुआ, जिससे आग के ऊंचे-ऊंचे स्तंभ उठे, जिन्हें एसोसिएटेड प्रेस के वीडियो में रात के आकाश में एक चमक के रूप में देखा जा सकता था। ऐसा लगता है कि युद्ध में किसी नागरिक औद्योगिक सुविधा को निशाना बनाए जाने का यह पहला मामला है।
अधिकारियों के अनुसार, 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुए इस युद्ध में अब तक इस्लामिक गणराज्य में कम से कम 1,230 लोग, लेबनान में 300 से अधिक और इजरायल में लगभग एक दर्जन लोग मारे जा चुके हैं।
Mar 8, 2026 | 12:29 PM IST

दोहा स्थित भारतीय दूतावास की एडवाइजरी

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कतर में उड़ानें रद्द होने के कारण फंसे भारतीय नागरिकों के लिए एक सलाह जारी की है। सलाह के अनुसार, कतर में पर्यटक या अल्पकालिक मेहमान के रूप में रह रहे भारतीय नागरिक जिनके पास हय्या ए1 वीजा है और जिनकी देश से बाहर जाने वाली उड़ानें 28 फरवरी से 7 मार्च, 2026 के बीच रद्द हो गई थीं, उन्हें एक निर्दिष्ट लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी जमा करने का निर्देश दिया जाता है। दूतावास ने कहा कि यह जानकारी केवल फंसे हुए भारतीय नागरिकों की सटीक संख्या और विवरण निर्धारित करने के लिए एकत्र की जा रही है।
Mar 8, 2026 | 12:00 PM IST

पेजेश्कियन बोले- मेरे शब्दों का गलत अर्थ निकाला

ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने कहा, दुश्मन ने पड़ोसियों के बारे में मेरे शब्दों का गलत अर्थ निकाला। सरकारी टेलीविजन के मुताबिक मसूद पेजेश्कियन ने सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित अपने बयान में कहा कि दुश्मन ने मेरे शब्दों का गलत अर्थ निकाला है और ईरान तथा उसके पड़ोसी देशों के बीच फूट डालने की कोशिश कर रहा है।
Mar 8, 2026 | 11:59 AM IST

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का संदेश

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि समन्वित सैन्य हमलों की एक श्रृंखला के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल ने ईरानी हवाई क्षेत्र पर लगभग पूर्ण प्रभुत्व हासिल कर लिया है। X पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने हिब्रू भाषा में कहा कि संयुक्त अभियानों ने ईरान की हवाई रक्षा क्षमताओं को काफी कमजोर कर दिया है। परिणाम पर विचार करते हुए, उन्होंने घोषणा की, हमने तेहरान के आसमान पर लगभग पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है। नेतन्याहू ने कहा कि यह सैन्य अभियान वाशिंगटन के साथ समन्वय में और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की इस बात की पूरी समझ के साथ चलाया गया कि ईरान इजरायल और व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए कितना बड़ा खतरा पैदा करता है।
Mar 8, 2026 | 10:18 AM IST

डोनाल्ड ट्रंप का ब्रिटिश पीएम स्टार्मर पर निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (अमेरिकी स्थानीय समय) को ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों में ब्रिटेन के समर्थन की कमी को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की कड़ी आलोचना की और दावा किया कि यूरोपीय देश अब पश्चिम एशिया में विमानवाहक पोत भेजने पर विचार कर रहा है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है जो युद्ध जीतने के बाद उसमें शामिल हों। उन्होंने कहा, ब्रिटेन, जो कभी हमारा महान सहयोगी था, शायद सबसे महान, आखिरकार मध्य पूर्व में दो विमानवाहक पोत भेजने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। ठीक है, प्रधानमंत्री स्टार्मर, हमें अब उनकी जरूरत नहीं है - लेकिन हम याद रखेंगे। हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है जो युद्ध जीतने के बाद उसमें शामिल हों!
Mar 8, 2026 | 09:26 AM IST

ईरान के राष्ट्रपति ने खाड़ी देशों पर हमले को लेकर मांगी थी माफी

इससे पहले, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए शनिवार को माफी मांगी जबकि इस बीच उनके देश ने खाड़ी अरब देशों पर मिसाइल और ड्रोन दागना जारी रखा। ईरान के कट्टरपंथियों ने जोर देकर कहा कि तेहरान की युद्ध रणनीति नहीं बदलेगी। युद्ध में तनाव कम करने की कोशिश करने वाले नेताओं और अमेरिका व इजराइल से लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध अन्य कट्टरपंथियों के बीच मतभेद किसी भी कूटनीतिक प्रयास को जटिल बना सकते हैं। युद्ध के दौरान शुरुआती हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद से ईरान की निगरानी कर रही नेतृत्व परिषद के तीन सदस्यों में से दो की ओर से परस्पर विरोधी बयान आए। पेजेश्कियान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग खारिज कर दी। पेजेश्कियान ने कहा, यह एक ऐसा सपना है, जिसे उन लोगों को अपने साथ कब्र में ले जाना चाहिए। पेजेश्कियान के संदेश के तुरंत बाद, ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में चेतावनी दी कि युद्ध में और भी ईरानी अधिकारी निशाने पर आएंगे। उन्होंने लिखा, आज ईरान पर जबरदस्त प्रहार किया जायेगा।
Mar 8, 2026 | 09:09 AM IST

कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने रविवार तड़के अपने हवाई क्षेत्र में ड्रोन के घुसपैठ की घटनाओं पर कार्रवाई की, जिनमें कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईंधन टैंकों पर सीधा हमला भी शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि हमले में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था। सेना ने बताया, कुवैती एयर डिफेंस सिस्टम वर्तमान में शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रही है। सेना के जनरल स्टाफ ने बताया कि सुनाई देने वाले किसी भी विस्फोट की आवाज एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा शत्रुतापूर्ण हमलों को रोकने का परिणाम है। सभी से संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया जाता है।
Mar 8, 2026 | 08:29 AM IST

ट्रंप ने ईरान पर लगाया घातक स्कूल विस्फोट का आरोप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान पर घातक स्कूल विस्फोट की जिम्मेदारी का आरोप लगाया, जिसमें 165 से अधिक लोगों जिनमें ज्यादातर बच्चे थे, जान चली गई। जबकि सबूत बताते हैं कि यह संभवतः अमेरिकी हवाई हमले का नतीजा था। एयर फोर्स वन में एक पत्रकार द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका 28 फरवरी के विस्फोट के लिए जिम्मेदार था, राष्ट्रपति ने जवाब दिया, मेरी राय में जो मैंने देखा है, उसके आधार पर यह ईरान द्वारा किया गया था। ट्रंप ने कोई सबूत नहीं दिया, लेकिन कहा कि ईरान अपने गोला-बारूद के इस्तेमाल में बहुत ही गलत था। हालांकि, उपग्रह चित्रों, विशेषज्ञ विश्लेषण, एक अमेरिकी अधिकारी और अमेरिकी और इजरायली सेनाओं द्वारा जारी सार्वजनिक जानकारी से पता चलता है कि विस्फोट संभवतः अमेरिकी हवाई हमलों के कारण हुआ था, जिसमें पास के एक परिसर को भी निशाना बनाया गया था। वह परिसर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़ा था।
Mar 8, 2026 | 07:55 AM IST

ईरान पर इजराइल ने की मिसाइल हमलों की बौछार

Iran-Israel War: ईरान पर इजराइल ने मिसाइल हमलों की बौछार कर दी है। शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल डिपो के ऊपर आग की लपटें उठती दिखी जिससे ईरान युद्ध और भड़क उठा। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक सप्ताह से चल रहे इस संघर्ष के अगले चरण के लिए कई बड़े हमलों का वादा किया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कुर्दों को ईरान युद्ध में शामिल करने की संभावना को खारिज कर दिया है। ट्रं ने कहा कि क्षेत्र में कुर्द लड़ाके ईरानी सरकार को गिराने के प्रयासों में सहायता करने के इच्छुक हैं, लेकिन उनकी भागीदारी से संघर्ष और अधिक जटिल हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि कुर्दों को शामिल किए बिना भी युद्ध काफी जटिल है।
MA
Mar 8, 2026 | 07:54 AM IST

क्या रूस ने की ईरान को मदद, ट्रंप क्या बोले?

Donald Trump on Iran-Russia: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर रूस ने ईरान को मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाने में मदद करने के लिए जानकारी दी है, तो यह बात महत्वहीन है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते से युद्ध जारी है। अमेरिकी और इजराइल द्वारा ईरान पर युद्ध शुरू करने के एक दिन बाद कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए छह सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति ने ऐसी सूचना-साझाकरण के महत्व को खारिज कर दिया। इस युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को अस्थिर कर दिया है।
MA
Mar 8, 2026 | 07:54 AM IST

स्पेन ने तेहरान स्थित अपना दूतावास खाली कराया

स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने रविवार शाम को घोषणा की कि स्पेन ने ईरान स्थित अपना दूतावास खाली करा लिया है। अल्बारेस ने लिखा, तेहरान में रुके राजदूत और आवश्यक कर्मचारी अभी-अभी अजरबैजान की सीमा पार कर चुके हैं और सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में स्पेन के अन्य दूतावास अभी भी कार्यरत हैं और आपातकालीन कॉल का जवाब दे रहे हैं। अल्बारेस ने लिखा, हमारे नागरिकों और स्पेन की विदेश सेवा की सुरक्षा मेरी प्राथमिकता है।
MA