LIVE

Iran War Live Updates: ईरान पर इजराइल ने की मिसाइलों की बारिश....ईरान को रूस की कथित मदद पर क्या बोले ट्रंप?

Iran War Eighth Day Live Updates In Hindi: ईरान जंग के 9वें दिन रिपोर्टों में खुलासा हुआ है कि रूस, ईरान की मदद कर रहा है। रूस, अमेरिका पर हमले के लिए ईरान की मदद कर रहा है। वहीं ईरान ने सऊदी अरब के साथ-साथ बहरीन पर भी मिसाइल से हमला किया है। सऊदी ने इस मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है।
Iran War Live Updates: ईरान पर इजराइल ने की मिसाइलों की बारिश....ईरान को रूस की कथित मदद पर क्या बोले ट्रंप?
Iran War Eighth Day Live Updates In Hindi: ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच जंग 9वें दिन प्रवेश कर गई है। इस युद्ध ने पूरे विश्व को प्रभावित कर रखा है। तेल की आपूर्ति पर पूरे विश्व में असर पड़ा है और उसकी कीमतें बढ़ने लगी हैं। ईरान पर अमेरिका और इजराइल का हमला, अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है। सुप्रीम लीडर की मौत के बाद भी ईरान नहीं झुका है और अमेरिका-इजराइल समेत उसके सहयोगी देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहा है। तेहरान ने युद्ध के आठवें दिन सऊदी अरब और बहरीन पर मिसाइल दागे हैं। उधर इजराइल लेबनान में जमीनी कार्रवाई कर रहा है, जहां उसकी हिज्बुल्लाह के लड़ाकों से झड़प हो रही है।

-यूएस आर्मी की सेंट्रल कमांड ने कहा है कि उसने ईरान में 3000 से ज्यादा हमले किए
-इजराइल ने कहा कि हमलों के बारे में पीएम मोदी को कोई जानकारी नहीं थी
-ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी रक्षा कंपनियां अपना उत्पादन चार गुना बढ़ाएंगी
-मेहराबाद एयरपोर्ट पर भीषण हवाई हमला-रिपोर्ट

ये भी पढ़ें- ईरान में कैसे सत्ता के समानांतर खड़ी हो गई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स? आर्मी से भी ज्यादा ताकतवर

रूस ने की ईरान की मदद
रूस ने ईरान को ऐसी जानकारी प्रदान की है जिससे उसे क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों, विमानों और अन्य संपत्तियों पर हमला करने में मदद मिल सकती है। दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दोनों अधिकारियों को इस संवेदनशील मामले पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है और उन्होंने यह जानकारी अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर दी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि रूस, ईरान को दी गयी जानकारी के संबंध में क्या निर्देश दे रहा है। उन्होंने कहा कि फिर भी, ऐसे संकेत हैं कि रूस ने उस युद्ध में शामिल होने की कोशिश की है जिसे अमेरिका और इजराइल ने एक सप्ताह पहले ईरान के खिलाफ शुरू किया था। रूस उन कुछ देशों में से एक है जिनके ईरान के साथ दोस्ताना संबंध हैं।


Mar 8, 2026 | 07:34 AM IST

स्पेन ने तेहरान स्थित अपना दूतावास खाली कराया

स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस ने रविवार शाम को घोषणा की कि स्पेन ने ईरान स्थित अपना दूतावास खाली करा लिया है। अल्बारेस ने लिखा, तेहरान में रुके राजदूत और आवश्यक कर्मचारी अभी-अभी अजरबैजान की सीमा पार कर चुके हैं और सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में स्पेन के अन्य दूतावास अभी भी कार्यरत हैं और आपातकालीन कॉल का जवाब दे रहे हैं। अल्बारेस ने लिखा, हमारे नागरिकों और स्पेन की विदेश सेवा की सुरक्षा मेरी प्राथमिकता है।
Mar 8, 2026 | 07:29 AM IST

ईरान पर इजराइल ने की मिसाइल हमलों की बौछार

Iran-Israel War: ईरान पर इजराइल ने मिसाइल हमलों की बौछार कर दी है। शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल डिपो के ऊपर आग की लपटें उठती दिखी जिससे ईरान युद्ध और भड़क उठा। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक सप्ताह से चल रहे इस संघर्ष के अगले चरण के लिए कई बड़े हमलों का वादा किया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कुर्दों को ईरान युद्ध में शामिल करने की संभावना को खारिज कर दिया है। ट्रं ने कहा कि क्षेत्र में कुर्द लड़ाके ईरानी सरकार को गिराने के प्रयासों में सहायता करने के इच्छुक हैं, लेकिन उनकी भागीदारी से संघर्ष और अधिक जटिल हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि कुर्दों को शामिल किए बिना भी युद्ध काफी जटिल है।
Mar 8, 2026 | 07:26 AM IST

क्या रूस ने की ईरान को मदद, ट्रंप क्या बोले?

Donald Trump on Iran-Russia: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर रूस ने ईरान को मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाने में मदद करने के लिए जानकारी दी है, तो यह बात महत्वहीन है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते से युद्ध जारी है। अमेरिकी और इजराइल द्वारा ईरान पर युद्ध शुरू करने के एक दिन बाद कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए छह सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति ने ऐसी सूचना-साझाकरण के महत्व को खारिज कर दिया। इस युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को अस्थिर कर दिया है।
Mar 7, 2026 | 11:37 PM IST

मिडिल ईस्ट से 28,000 अमेरिकी नागरिकों ने की घर वापसी

इस बीच, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी का अभियान तेज कर दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक अब तक करीब 28,000 अमेरिकी नागरिक सुरक्षित रूप से अमेरिका लौट चुके हैं।

विदेश विभाग के अधिकारी डायलन जॉनसन ने बताया कि यह आंकड़ा केवल उन लोगों का है जो सीधे अमेरिका वापस पहुंचे हैं। कई अमेरिकी नागरिक ऐसे भी हैं जो अन्य देशों में चले गए हैं या अभी भी यात्रा के दौरान हैं, इसलिए उन्हें इस संख्या में शामिल नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार ने स्थिति को देखते हुए कई चार्टर फ्लाइट्स का संचालन किया, जिनकी मदद से हजारों अमेरिकी नागरिकों को मिडिल ईस्ट से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Mar 7, 2026 | 09:43 PM IST

ईरान ने बहरीन में अमेरिकी मिलिट्री बेस को बनाया निशाना

इस बीच, ईरान ने बहरीन में अमेरिका के मिलिट्री बेस को निशाना बनाया है। ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इसका दावा किया है। आईआरजीसी ने कहा है कि यह हमला नेवल सपोर्ट एक्टिविटी पर किया गया है, जो बहरीन के जफेयर में है। ये हमला तब हुआ है जब आज ही ईरानी राष्ट्रपति ने कहा था कि अगर उसके पड़ोसी अमेरिका की मदद नहीं करेंगे तो वह भी उन पर हमला नहीं करेगा।
Mar 7, 2026 | 08:54 PM IST

ईरान ने फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर किया हमला

फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने समुद्र में चल रहे एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमला किया।

ईरान के अनुसार जिस जहाज को निशाना बनाया गया उसका नाम ‘लुईस पी’ (Louis P) है और वह मार्शल आइलैंड के झंडे के तहत संचालित हो रहा था।ईरानी सेना का कहना है कि यह जहाज अमेरिका से जुड़ा हुआ था, इसी कारण इसे लक्ष्य बनाकर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना फारस की खाड़ी के बीच समुद्र में हुई।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस ड्रोन हमले में जहाज को कितना नुकसान पहुंचा है या इस घटना में कोई व्यक्ति घायल हुआ है या नहीं।
Mar 7, 2026 | 05:25 PM IST

कतर की चेतावनी- जंग तबाह कर देगी वैश्विक अर्थव्यवस्था

कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने फाइनेंशियल टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में चेतावनी दी कि युद्ध दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं को ध्वस्त कर सकता है। खाड़ी देशों के ऊर्जा निर्यात में व्यापक रुकावट की भविष्यवाणी की, जिससे तेल की कीमत 150 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक गिर सकती है। अमेरिकी कच्चे तेल के बेंचमार्क बैरल की कीमत शुक्रवार को दो साल से अधिक समय में पहली बार 90 अमेरिकी डॉलर से ऊपर पहुंच गई।
Mar 7, 2026 | 04:02 PM IST

कुवैत के तेल में बढ़ोतरी

इस बीच,कुवैत के तेल में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (केपीसी) के अनुसार, कुवैती तेल की कीमत में 5.67 अमेरिकी डॉलर की मामूली वृद्धि हुई है और यह 98.48 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल (पीबी) पर पहुंच गई है।
Mar 7, 2026 | 03:15 PM IST

युद्ध में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत

अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद पिछले सात दिनों में ईरान और लेबनान में मरने वालों की संख्या 1300 से ज्यादा पहुंच गई है। क्षेत्र में लगातार हवाई हमले और जवाबी मिसाइल हमलों से हालात गंभीर बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान में 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि लेबनान में भी 100 से अधिक लोग मारे गए हैं। इसके अलावा इजराइल में भी कुछ लोगों की मौत और कई घायल होने की खबर है।
Mar 7, 2026 | 01:39 PM IST

'माफी मांगता हूं, अब पड़ोसी देशों पर हमला नहीं करेंगे'

ईरान के राष्ट्रपति ने मसूद पेजेशकियन ने अपने पड़ोसी देशों पर हमला करने के लिए माफी मांगी है। राष्ट्रपति ने माफी को लेकर यह बात सरकारी टेलीविजन पर पहले से रिकॉर्ड किए गए भाषण में दिया। अमेरिका के ईरान के सरेंडर करने की बात पर मसूद पेजेशकियन ने कहा, 'यूनाइटेड स्टेट्स की बिना शर्त सरेंडर की मांग एक सपना है जिसे उन्हें अपनी कब्र तक साथ ले जाना चाहिए।'
Mar 7, 2026 | 12:05 PM IST

दुबई एयरपोर्ट के ऊपर सुनी गई धमाके की आवाज

Explosion heard over Dubai airport : खाड़ी के देशों पर ईरान का हमला जारी है। एएफपी की रिपोर्ट में एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से कहा गया कि शनिवार को दुबई एयरपोर्ट के ऊपर विस्फोट की आवाज सुनी गई। इसके बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया। विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक विमानों को हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते देखा गया।
Mar 7, 2026 | 11:49 AM IST

UAE के आसमान पर ईरान का खतरा

यूएई के वायु रक्षा तंत्र इस समय ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन खतरों का सामना कर रहे हैं। रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में सुनी गई आवाजें वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने और लड़ाकू विमानों द्वारा ड्रोन व लोइटरिंग म्यूनिशन्स को रोकने के कारण हैं। यूएई की वायु रक्षा प्रणालियां फिलहाल ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन खतरों का जवाब दे रही हैं। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि सुनी गई आवाजें वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई का परिणाम हैं।
Mar 7, 2026 | 11:29 AM IST

तेहरान में सरकारी ठिकानों पर हमले

इजराइल की सेना ने एक बयान में कहा कि इजराइल रक्षा बल (IDF) ने ईरान की राजधानी तेहरान में सरकारी ठिकानों पर व्यापक स्तर पर हवाई हमलों की नई लहर शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट बहुत तेज थे और हमले वाली जगहों से धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठते दिखाई दिए। समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के शहर कर्मानशाह में भी कई जगह विस्फोटों की खबर है, जहां कई मिसाइल बेस मौजूद हैं।
Mar 7, 2026 | 10:21 AM IST

ईरान में 3000 से ज्यादा हमले किए-सेंट्रल कमांड

यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा है कि ईरान के खिलाफ वह अपना सैन्य अभियान और तेज करने जा रहा है। बीते सप्ताह में उसने ईरान के भीतर हजारों लक्ष्यों को निशाना बनाया है। ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के बारे में कमांड ने कहा कि इस ऑपरेशन के पहले सप्ताह में अमेरिकी सेना ने 3000 से ज्यादा लक्ष्यों पर हमले किए हैं और हम इसमें कमी लाने नहीं जा रहे हैं।
Mar 7, 2026 | 09:17 AM IST

मेहराबाद एयरपोर्ट पर भीषण हवाई हमला-रिपोर्ट

ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी ने कहा है कि तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर भीषण हवाई हमला हुआ है।
Mar 7, 2026 | 09:01 AM IST

UN में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि ने क्या कहा

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अमीर-सईद इरावानी ने कहा कि अमेरिका और इस्राइली शासन ईरान और उसके लोगों पर एक क्रूर और बड़े पैमाने पर हमला जारी रखे हुए हैं। उन्होंने जानबूझकर आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है। ईरान के शहरों पर अंधाधुंध हमले किए जा रहे हैं। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों और महत्वपूर्ण नागरिक ढांचे को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। वे घनी आबादी वाले नागरिक क्षेत्रों में 2,000 पाउंड के बम गिरा रहे हैं।
Mar 7, 2026 | 08:04 AM IST

मोदी को हमले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी-इजराइल

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी जा सकी, क्योंकि इस सैन्य कार्रवाई का निर्णय उनकी हालिया यात्रा के समाप्त होने के बाद लिया गया था। मोदी ने इजराइल की दो दिवसीय यात्रा की थी जो 26 फरवरी को समाप्त हुई। उसके दो दिन बाद, इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य आक्रमण शुरू किया जिसमें ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई।
Mar 7, 2026 | 07:32 AM IST

4 गुना ज्यादा हथियार बनाएंगी अमेरिकी रक्षा कंपनियां-ट्रंप

ईरान पर हमले के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे बड़ी रक्षा उत्पादन कंपनियों के साथ बैठक की है। ट्रंप ने कहा है कि रक्षा कंपनियां अपना उत्पादन चार गुना बढ़ाने के लिए तैयार हो गई हैं। वे 'खास' हथियार बनाएंगी। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने कहा कि यूएस के पास मीडियम एवं अपर मीडियम ग्रेड म्यूनिशंस की आपूर्ति भरपूर है। इन गोला-बारूद का इस्तेमाल वेनेजुएला में भी हुआ था।
Mar 7, 2026 | 06:23 AM IST

Iran War Eighth Day Live Updates: जहाज को डुबोने पर ईरान ने कहा: दंड से नहीं बचेगा अमेरिका

रान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और इजराइल के साथ ईरान का टकराव अब तेहरान के लिए ’अस्तित्व का युद्ध’ बन गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के सिलसिले में ’मनमानी’ करने के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल ने ’पूरी तरह से झूठ’ की बुनियाद पर ईरान पर हमला किया और तेहरान के पास इस आक्रामकता का ’आखिरी गोली तक’ विरोध करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। पश्चिम एशिया में युद्ध तेज हो गया है जिससे एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की आशंकाएं पैदा हो गई हैं। अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा श्रीलंका के तट के पास एक ईरानी युद्धपोत का डुबोए जाने का हवाला देते हुए खतीबजादेह ने चेतावनी दी कि ’’बिना शस्त्र वाले जहाज पर हमले की सजा जरूर दी जाएगी।’’ ईरान के उप विदेश मंत्री ने ’रायसीना संवाद’ में एक सत्र के दौरान और बाद में पत्रकारों के साथ बातचीत में ये टिप्पणियां कीं।
Mar 7, 2026 | 06:23 AM IST

Iran War Eighth Day Live Updates: ईरान पर हमले का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल छोड़ने के बाद किया गया : विदेश मंत्री सार

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी जा सकी, क्योंकि इस सैन्य कार्रवाई का निर्णय उनकी हालिया यात्रा के समाप्त होने के बाद लिया गया था। मोदी ने इजराइल की दो दिवसीय यात्रा की थी जो 26 फरवरी को समाप्त हुई। उसके दो दिन बाद, इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य आक्रमण शुरू किया जिसमें ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई। ’रायसीना डायलॉग’ में डिजिटल तरीके से भाग लेते हुए सार ने कहा कि इजराइल के मोदी और भारत के साथ "बहुत अच्छे संबंध" हैं जो पिछले कुछ वर्षों में और प्रगाढ़ हुए हैं।
Mar 7, 2026 | 06:22 AM IST

Iran War Eighth Day Live Updates: रूस कर रहा है ईरान की मदद

रूस ने ईरान को ऐसी जानकारी प्रदान की है जिससे उसे क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों, विमानों और अन्य संपत्तियों पर हमला करने में मदद मिल सकती है। दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दोनों अधिकारियों को इस संवेदनशील मामले पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है और उन्होंने यह जानकारी अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर दी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि रूस, ईरान को दी गयी जानकारी के संबंध में क्या निर्देश दे रहा है। उन्होंने कहा कि फिर भी, ऐसे संकेत हैं कि रूस ने उस युद्ध में शामिल होने की कोशिश की है जिसे अमेरिका और इजराइल ने एक सप्ताह पहले ईरान के खिलाफ शुरू किया था। रूस उन कुछ देशों में से एक है जिनके ईरान के साथ दोस्ताना संबंध हैं।
Mar 6, 2026 | 07:34 PM IST

बिना शर्त आत्मसमर्पण करे ईरान, कोई समझौता नहीं होगा: ट्रंप

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण (Unconditional Surrender) करेगा।

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि जब ईरान आत्मसमर्पण करेगा और वहां एक “बेहतर और स्वीकार्य नेतृत्व” चुना जाएगा, तब अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान की अर्थव्यवस्था को दोबारा मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान को मौजूदा संकट से बाहर निकालने के लिए काम करेंगे और भविष्य में देश को आर्थिक रूप से पहले से ज्यादा मजबूत बनाया जाएगा।

अपने संदेश के अंत में ट्रंप ने “Make Iran Great Again (MIGA)” का नारा भी दिया, जो उनके मशहूर नारे “Make America Great Again (MAGA)” से मिलता-जुलता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है और ईरान से जुड़ी घटनाएं वैश्विक राजनीति के केंद्र में बनी हुई हैं।
Mar 6, 2026 | 06:22 PM IST

ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा: कुवैत के पास अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला, बंदर अब्बास में भी जोरदार धमाके

मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच कुवैत के पास एक अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर पर हमले की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज के पास जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद समुद्र में तेल फैलने की भी सूचना है। हालांकि जहाज के सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं और घटना की जांच जारी है।

इसी बीच ईरान के अहम बंदरगाह शहर Bandar Abbas में भी कई धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार ये धमाके ईरान के खाड़ी तट पर स्थित इस प्रमुख पोर्ट इलाके में हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि Strait of Hormuz के आसपास बढ़ते हमले वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं, क्योंकि दुनिया के बड़े हिस्से का तेल इसी मार्ग से गुजरता है।

फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है, लेकिन इन घटनाओं से क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के और भड़कने की आशंका बढ़ गई है।
Mar 6, 2026 | 05:06 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: कतर ने बहरीन किंगडम में हमले की निंदा की

कतर ने बहरीन किंगडम में उन बिल्डिंग्स पर ईरानी हमले की निंदा की, जहां कतरी अमीरी नेवल फोर्सेज के लोग रहते हैं। बयान में कहा गया, "कतर, बहरीन किंगडम के अलग-अलग इलाकों में बिल्डिंग्स पर ईरानी हमले की कड़ी निंदा करता है, जहां कतरी नेवी की मिलिट्री यूनिट्स तैनात थीं, जो गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के मिलिट्री कमांड के जॉइंट नेवल ऑपरेशन्स सेंटर का हिस्सा हैं।"
Mar 6, 2026 | 04:08 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: उप्र : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईंधन संकट की अफवाह

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोलियम उत्पादों और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कमी की अफवाहों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के कई क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है, जिसके कारण शुक्रवार को कई पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित कमी की आशंका के बीच जिले के निघासन, पलिया और भीरा इलाकों में कई ईंधन स्टेशनों पर पेट्रोल और डीजल खरीदने के इच्छुक लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।
Mar 6, 2026 | 04:08 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: भारतीय नौसेना की ओर से ईरानी युद्धपोत के बारे में खुफिया जानकारी देने संबंधी दावा ‘निराधार' : सूत्र

सरकार के शीर्ष सूत्रों ने उन दावों को ’’निराधार और हास्यास्पद’’ बताया कि भारतीय नौसेना ने दो दिन पहले अमेरिकी सैन्य पनडुब्बी द्वारा डुबोए गए ईरानी युद्धपोत के बारे में अमेरिका को खुफिया जानकारी प्रदान की थी। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अमेरिका को कोई भी जानकारी देने का सवाल ही नहीं उठता और ये दावे पूरी तरह निराधार हैं। अमेरिका ने बुधवार को श्रीलंका के तट पर ईरानी युद्धपोत को डुबो दिया, जिससे ईरान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया हुई। ईरान का फ्रिगेट ’आईरिस देना’ भारत द्वारा आयोजित बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ’मिलन’ में भाग लेने के बाद स्वदेश लौट रहा था। इस हमले में कम से कम 87 ईरानी नाविकों की मौत हो गई। यह घटना फारस की खाड़ी के बाहर अमेरिका-ईरान संघर्ष के एक बड़े विस्तार के रूप में देखी जा रही है।
Mar 6, 2026 | 03:21 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: पश्चिम एशिया संकट से निपटने मे निर्यातकों को मदद के लिए हरसंभव नीतिगत कदम उठाएंगे : गोयल

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार मौजूदा पश्चिम एशियाई संकट से निपटने में घरेलू निर्यातकों की मदद के लिए सभी नीतिगत और सहायक उपायों का इस्तेमाल करेगी। गोयल ने कहा कि सरकार ने दैनिक आधार पर मुद्दों पर विचार करने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समूह का गठन किया है। गोयल ने ’आईआईएफटी वाइस चांसलर कॉन्क्लेव’ के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ’’सरकार हमारे निर्यातकों को समर्थन देने के लिए हर नीतिगत उपाय और निर्यात प्रोत्साहन मिशन का उपयोग करेगी।’’ उन्होंने कहा, ’’हम अपने निर्यातकों को सहूलियत देने के लिए कुछ तरीकों को औपचारिक रूप देंगे।’’ ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा शुरू किए गए संयुक्त हमले के बाद निर्यातकों को पश्चिम एशिया में खेप की आवाजाही के संबंध में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
Mar 6, 2026 | 03:04 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कोलकाता से सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक बयान में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए संचालित होने वाली सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रद्द की गई सेवाओं में एयर अरबिया, एतिहाद एयरवेज, कतर एयरवेज और अमीरात द्वारा संचालित उड़ानें शामिल हैं। ये सभी उड़ानें कोलकाता को खाड़ी क्षेत्र के तीन प्रमुख पारगमन केंद्रों से जोड़ती हैं। दुबई से कोलकाता और कोलकाता से दुबई आने-जाने वाली अमीरात की उड़ानें रद्द कर दी गईं। कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली एयर अरबिया की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि अबू धाबी से कोलकाता और कोलकाता से अबू धाबी आने-जाने वाली एतिहाद एयरवेज की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
Mar 6, 2026 | 02:05 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण फंसे कर्नाटक के 50 यात्री नई दिल्ली पहुंचे : मुख्यमंत्री कार्यालय

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी क्षेत्र में फंसे कर्नाटक के 50 यात्री संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से रवाना होकर शुक्रवार तड़के नई दिल्ली पहुंच गए। यह जानकारी कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के कार्यालय ने दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, कर्नाटक सरकार की प्रोटोकॉल टीम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के स्वागत के लिए मौजूद थी और उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। यात्रियों को कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस (केएसआरपी) की एक बस और दो कारों के जरिए घरेलू टर्मिनलों तक पहुंचाया गया, जहां से वे बेंगलुरु, मंगलुरु और हुब्बली की अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए।
Mar 6, 2026 | 02:04 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: स्पाइसजेट शुक्रवार को यूएई से 14 विशेष उड़ानों का संचालन करेगी

स्पाइसजेट पश्चिम एशिया संकट के कारण फंसे हुए यात्रियों को लाने के लिए शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 14 विशेष उड़ानों का संचालन करेगी। पश्चिम एशिया संकट के कारण भारतीय एयरलाइनों ने बृहस्पतिवार को 281 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी थीं और सरकार क्षेत्र के हालात पर बारीकी से नजर रख रही है। स्पाइसजेट ने कहा कि पिछले तीन दिनों में उसने यूएई से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए 25 विशेष उड़ानों का संचालन किया है। एक बयान के अनुसार शुक्रवार को एयरलाइन फुजैराह से मुंबई के लिए नौ उड़ानों, दिल्ली के लिए चार उड़ानों और दुबई से पुणे के लिए एक उड़ान का संचालन करेगी।
Mar 6, 2026 | 01:27 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया संकट के बीच समुद्र में भारतीय नेतृत्व का आह्वान किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का जिक्र करते हुए शुक्रवार को कहा कि बदलती भू-राजनीति के इस दौर में महासागर एक बार फिर दुनिया के शक्ति संतुलन के केंद्र में आ गए हैं और भारत की जिम्मेदारी है कि वह आत्मविश्वास एवं क्षमता के साथ नेतृत्व प्रदान करे। सिंह ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम ’’बेहद असामान्य’’ हैं और क्षेत्र की स्थिति का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा, ’’पश्चिम एशिया में जो हो रहा है, वह बेहद असामान्य है। इस समय इस पर कोई ठोस टिप्पणी करना कठिन है कि पश्चिम एशिया में परिस्थितियां आगे किस दिशा में जाएंगी।’’ उन्होंने कहा, ’’यदि हम होर्मुज जलडमरूमध्य या फारस की खाड़ी के पूरे क्षेत्र को देखें तो यह दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। जब इस क्षेत्र में अशांति या व्यवधान होता है तो इसका सीधा असर तेल और गैस की आपूर्ति पर पड़ता है।’’
Mar 6, 2026 | 12:24 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: श्रीलंकाई नौसेना ने दूसरे जहाज पर सवार 204 ईरानी कर्मियों को ‘सुरक्षित' कोलंबो पहुंचाया

श्रीलंका नौसेना ने शुक्रवार को कहा कि ’आईआरआईएनएस बुशहर’ जहाज पर सवार 208 ईरानी कर्मियों में से 204 को कोलंबो बंदरगाह पर ’’सुरक्षित रूप से’’ स्थानांतरित कर दिया गया है। यह घटना श्रीलंका के पास एक अन्य ईरानी नौसैनिक पोत (फ्रिगेट) के डूबने के दो दिन बाद हुई है। नौसेना ने बताया कि चार नौसैनिक अब भी जहाज पर ही हैं। इस जहाज के एक इंजन में खराबी आ गयी थी।
नौसेना ने कहा कि जहाज को राजधानी कोलंबो के बाहर स्थित अपने वर्तमान स्थान से पूर्वी बंदरगाह त्रिंकोमाली तक पहुंचने में कम से कम दो दिन और लगेंगे। नौसेना के प्रवक्ता कमांडर बुद्धिका संपथ ने बताया कि ईरानी नौसैनिकों को कोलंबो के उत्तरी उपनगर वेलिसारा स्थित नौसेना शिविर में ले जाया जाएगा। संपथ ने कहा, ’’पंजीकरण की औपचारिकता के तौर पर उनकी चिकित्सा जांच की जाएगी।’’ बृहस्पतिवार को टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा था कि जहाज, ’आईआरआईएनएस बुशहर’ ने इंजन की खराबी का हवाला देते हुए श्रीलंकाई जलक्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति मांगी थी।
Mar 6, 2026 | 12:05 PM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी

मध्य पूर्व में हालात अभी भी अस्थिर बने हुए हैं। ऐसे में इंडिगो ने यात्रियों को राहत देते हुए 31 मार्च 2026 तक टिकट रद्द करने पर पूरा शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है। मध्य पूर्व और इस्तांबुल के लिए आने-जाने वाली उड़ानों पर 31 मार्च 2026 तक टिकट रद्द करने पर पूरी तरह शुल्क माफ किया जाएगा। यदि आपकी यात्रा निर्धारित है, तो अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी यहां देख सकते हैं: http://bit.ly/31paVKQ। यदि आपको अतिरिक्त सहायता या किसी जानकारी की आवश्यकता हो, तो कस्टमर कॉन्टैक्ट सेंटर से +91 124 6173838 पर संपर्क करें।
Mar 6, 2026 | 11:24 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद नहीं किया

खातम अल-अनबिया सेंट्रल मुख्यालय के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल कियूमार्स हैदरी ने कहा है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है और ऐसा करने की उसकी कोई योजना भी नहीं है, क्योंकि अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध में उसके पास अन्य कई क्षमताएं मौजूद हैं। ईरान के सरकारी टीवी से बातचीत में हैदरी ने कहा, “हम पर कभी-कभी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का आरोप लगाया जाता है। लेकिन हम इस जलडमरूमध्य को बंद करने में विश्वास नहीं रखते, क्योंकि अमेरिकी-जायोनी दुश्मन के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए हमारे पास कई अन्य विकल्प और क्षमताएं हैं। आज हमने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है। यह विशाल युद्धक्षेत्र का केवल एक छोटा हिस्सा है, जो इस संघर्ष के केंद्र में स्थित है।”

हैदरी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान अपनी समुद्री नीति के अनुसार कार्रवाई करता है और जहाजों की आवाजाही अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत नियंत्रित की जाती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो जहाज अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करेंगे, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, लेकिन जो इन प्रोटोकॉल का उल्लंघन करेंगे, उन्हें डुबो दिया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि ईरान की सेना कब्जे वाले इलाकों के भीतर गहराई तक मिसाइल हमले कर रही है और दुश्मन के महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बना रही है। उनके मुताबिक अब तक सभी सैन्य अभियान सफल रहे हैं और कब्जे वाले क्षेत्रों की कई सड़कें और गलियां गाजा जैसी नजर आने लगी हैं।

हैदरी ने कहा, “अमेरिकी अधिकारी और सैनिक निश्चित रूप से समुद्र की गहराइयों में भेजे जाएंगे—फारस की खाड़ी और ओमान सागर में। बाकी लोगों को ताबूतों में ले जाया जाएगा।”
Mar 6, 2026 | 10:55 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: ईरान पर हमलों को रोकने के लिए युद्ध शक्तियों से संबंधित प्रस्ताव अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में खारिज

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने ईरान पर किए जा रहे हमलों को रोकने के लिए लाए गए युद्ध शक्तियों से संबंधित प्रस्ताव को बृहस्पतिवार को बहुत कम अंतर से खारिज कर दिया। मतों का यह अंतर संसद के भीतर बढ़ती असहजता का शुरुआती संकेत माना जा रहा है, क्योंकि तेजी से फैल रहा इस युद्ध का दायरा अमेरिका की घरेलू और वैश्विक प्राथमिकताओं को बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा प्रस्ताव है जो असफल हुआ है। इससे पहले सीनेट ने ऐसे ही एक प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। सांसदों के सामने जान-माल के नुकसान, भारी खर्च और अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों की परीक्षा समेत युद्ध के कारण पैदा हुई स्थिति से चिंतित अमेरिकी जनता का प्रतिनिधित्व करने की चुनौती है। प्रतिनिधि सभा में यह प्रस्ताव 212 के मुकाबले 219 मतों से खारिज हो गया। इस नतीजे ने अमेरिका-इजराइल सैन्य अभियान और ट्रंप द्वारा संसद को दरकिनार करने के फैसले के समर्थन और विरोध की स्थिति को स्पष्ट कर दिया। अमेरिकी संविधान के अनुसार युद्ध घोषित करने का अधिकार केवल संसद को है। सदन की विदेश मामलों की समिति में शीर्ष डेमोक्रेट सांसद ग्रेगोरी मीक्स ने कहा, ’’डोनाल्ड ट्रंप कोई राजा नहीं हैं और यदि उन्हें लगता है कि ईरान के साथ युद्ध राष्ट्रीय हित में है तो उन्हें संसद के सामने आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।’’
Mar 6, 2026 | 10:41 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: तेहरान में ताजा हमलों में रिहायशी इलाके और विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्र भी निशाने पर

ईरान के अंग्रेजी भाषा के समाचार चैनल प्रेस टीवी के अनुसार, शुक्रवार सुबह अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए ताजा हवाई हमलों में तेहरान के कई रिहायशी इलाके भी निशाने पर आए।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले हुए एक हमले के बाद मौके से रिपोर्टिंग कर रहे प्रेस टीवी के पत्रकार के दौरान एक और फॉलो-अप स्ट्राइक भी हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। वहीं, ईरानी समाचार आउटलेट ममलेकत ने भी बताया कि शुक्रवार सुबह देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान तेहरान यूनिवर्सिटी के आसपास का इलाका भी हमलों की जद में आया। इस संबंध में आउटलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो भी साझा किया है।
Mar 6, 2026 | 10:40 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: ईरान में हमारे दूसरे नागरिक को हिरासत में लिया गया: जापान

ईरान में जापान के एक और नागरिक को हिरासत में लिया गया है, जिसके साथ ही अब तक इस देश के दो नागरिक वहां हिरासत में लिए जा चुके हैं। जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जापान के विदेश मंत्रालय ने अपने दोनों नागरिकों की शीघ्र रिहाई का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को किए गए सैन्य हमलों से पहले ही जापान के इस दूसरे नागरिक को हिरासत में लिया गया था। मंत्रालय ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति सुरक्षित और स्वस्थ है। लेकिन उसने यह नहीं बताया कि उसे हिरासत में कब लिया गया था या यह मामला पिछले महीने हिरासत में लिए गए एक जापानी पत्रकार से संबंधित है या नहीं।
Mar 6, 2026 | 10:31 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: पश्चिम एशिया संकट सेंसेक्स 572 अंक टूटा

पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक संघर्ष और विदेशी कोषों की लगातार निकासी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट हुई। अमेरिकी शेयर बाजारों में कमजोरी और एशियाई बाजारों में सुस्त रुख ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 572.43 अंक गिरकर 79,443.47 पर आ गया। दूसरी ओर 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 178.75 अंक टूटकर 24,587.15 पर था।
Mar 6, 2026 | 10:30 AM IST

Iran War Seventh Day Live Updates: सर्वोच्च नेता के चुनाव के लिए चौथी मीटिंग

अमेरिका द्वारा सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान में नई नेतृत्व व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच देश की अंतरिम नेतृत्व परिषद की चौथी बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए सुप्रीम लीडर के चयन पर चर्चा की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अंतरिम नेतृत्व परिषद की चौथी बैठक की अध्यक्षता की। यह परिषद फिलहाल देश के प्रशासन को संभालने की जिम्मेदारी निभा रही है। ईरान के सुधारवादी अखबार शरग की रिपोर्ट के अनुसार बैठक में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स को बुलाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। यही निकाय ईरान के नए सर्वोच्च नेता का चयन करने के लिए अधिकृत है।
Mar 6, 2026 | 08:34 AM IST

ईरान के युद्धपोत को US ने बनाया निशाना

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि ईरान की पूरी नौसेना को समुद्र में डुबोने के अपने मिशन से हम पीछे नहीं हट रहे हैं। आज ईरान का एक युद्धपोत जो कि द्वितीय विश्व युद्ध के आकार का था और जिस पर हमले के लिए ड्रोन रखे जाते थे, उसे निशाना बनाया गया है और उसमें आग लग गई है।