अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर हमला किए जाने के कुछ ही घंटों बाद ईरान ने रविवार को इजराइल की ओर 40 से अधिक मिसाइल दागीं, जिसमें 23 लोग घायल हो गए और तीन शहरों में अपार्टमेंट वाली इमारतें तथा कई घर नष्ट हो गए। तेल अवीव में एक जगह विस्फोट में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत नष्ट हो गई और सैकड़ों मीटर के दायरे में कई अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा जिनमें एक नर्सिंग होम भी शामिल है।
ईरानी मिसाइल के हमले में तबाह इजराइली इमारत
ये भी पढ़ें- Strait of Hormuz: होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करेगा ईरान, संसद में प्रस्ताव पास; पूरी दुनिया की तेल सप्लाई होगी प्रभावित
इलाके के सभी अपार्टमेंट नष्ट
घटनास्थल पर सहायता करने वाले डिप्टी मेयर हैम गोरेन ने कहा कि यह ‘‘चमत्कारिक’’ रहा कि इस हमले में अधिक लोगों को चोट नहीं आई।विस्फोट स्थल के पास एक ऊंची इमारत की सातवीं मंजिल पर रहने वाले ओफर बर्जर ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है जैसे कोई तूफ़ान मेरे अपार्टमेंट से होकर गुजरा हो। इस क्षेत्र के सभी अपार्टमेंट नष्ट हो गए हैं।’’
लोगों को बचाने में जुटे स्वयंसेवक
क्षतिग्रस्त इमारतों के बाहर निवासी अपने पालतू जानवरों और सूटकेस के साथ बैठे थे। ‘वन हार्ट’ नामक संगठन के दर्जनों स्वयंसेवक निवासियों को सामान बचाने में लोगों की मदद करते देखा गया।
कई इमारतें तबाह
इजराइली सेना के अनुसार, युद्ध की शुरुआत से अब तक हमलों के कारण 9,000 से ज्यादा लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं। मिसाइलों ने 240 आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचाया है, जिनमें 2,000 से ज्यादा व्यक्तिगत अपार्टमेंट शामिल हैं।
एपी की रिपोर्ट
