Iran News: ईरान ने इजरायली खुफिया एजेंसी से संबंध रखने के दोषी व्यक्ति को फांसी दे दी है। ईरान की न्यायपालिका के आधिकारिक मीडिया आउटलेट ने एक ऐसे व्यक्ति को फांसी दिए जाने की खबर दी है, जिसे विपक्षी समूह और इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद से संबंध रखने का दोषी ठहराया गया था।
ईरान में फांसी देने का सिलसिला जारी, एक और व्यक्ति को Mossad से संबंध के चलते उतारा मौत के घाट
मिजान की रिपोर्ट के अनुसार, सुल्तान अली शिरजादी फख्र को विपक्षी समूह 'मुजाहिदीन-ए-खल्क' का लंबे समय से सदस्य बताया गया था, और उसने 'सालों तक विभिन्न क्षेत्रों में इस समूह के साथ व्यापक सहयोग किया था। मीडिया आउटलेट ने आगे बताया कि फख्र ने 'ईरान के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों' में शामिल होने की भी बात कबूल की थी।
लगातार जारी फांसी का दौर
ईरान ने बुधवार यानी एक दिन पहले भी एक ऐसे ही व्यक्ति को इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद से कथित संबंधों के चलते फांसी दे दी थी। ईरान में युद्ध के दौरान और जनवरी में हुए राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद लगातार फांसी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ईरान की न्यायपालिका की समाचार एजेंसी 'मिजान न्यूज एजेंसी' ने मेहदी फरीद की फांसी की पुष्टि की। एजेंसी के अनुसार, फरीद एक 'संवेदनशील सरकारी संगठन' में कार्यरत था और उसने इजरायली खुफिया एजेंसी को जानकारी मुहैया कराई थी।
आरोपी नहीं रख पा रहे अपनी बात
रिपोर्ट में कहा गया कि फरीद को ईरान के कोम प्रांत में दोषी ठहराया गया था। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईरान में कई मामलों में बंद कमरे में सुनवाई होती है और आरोपियों को बचाव का उचित अवसर नहीं मिल पाता। हाल के समय में कथित जासूसों, प्रदर्शनकारियों और निर्वासन में रह रहे विपक्षी समूहों से जुड़े लोगों की फांसी की कई घटनाएं सामने आई हैं।
ट्रंप ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम बढ़ाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है ताकि तेहरान के नेतृत्व को युद्ध समाप्त करने के लिए एक एकीकृत प्रस्ताव तैयार करने के वास्ते अधिक समय मिल सके। इस बीच, बुधवार को ईरानी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों पर गोलीबारी की और उनमें से दो को जब्त कर लिया।
