कुवैत में हुए संदिग्ध ड्रोन हमले में दो इटली के नागरिकों की मौत और एक कुवैती और एक पाकिस्तानी नागरिक के घायल होने की घटना के बाद मध्य पूर्व में कूटनीतिक और सैन्य तनाव अचानक बढ़ गया है। कुवैत सरकार ने इस घटना को "ईरानी हमला" करार देते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। वहीं दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने तेहरान की किसी भी संलिप्तता से साफ इनकार करते हुए इस घटना को संदिग्ध और "युद्ध की पहले से तैयार पटकथा" करार दिया है।
अराघची बोले- जांच में सहयोग को तैयार ईरान (फाइल फोटो)
ईरानी विदेश मंत्री की सफाई: 'हमारा कोई हाथ नहीं, संयुक्त जांच के लिए तैयार'
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी बयानों में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि उन्होंने इटली और कुवैत के अपने समकक्षों से टेलीफोन पर बात की है। अराघची ने कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबा से बातचीत के दौरान कुवैत पर ईरानी ड्रोन हमले के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि ईरान का इस घटना से कोई लेना-देना या संलिप्तता नहीं है। यह घटना बेहद संदिग्ध है और किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। तेहरान इस घटना के मूल स्रोत और कारकों का पता लगाने के लिए कुवैत और इटली के साथ संयुक्त जांच में सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इसके साथ ही इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी से बात करते हुए अराघची ने मारे गए इतालवी नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईरान पर लगाए गए आरोपों को "बेबुनियाद" करार दिया।
