West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में जंग का अखाड़ा बने होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Crisis) से गुजरने वाले जहाजों पर पिछले कुछ दिनों से हमले तेज हुए हैं। इस बीच, ईरान ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि भारतीय जहाजों को होर्मुज से गुजरने पर लगाए गए प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
होर्मुज स्ट्रेट (फाइल फोटो)
ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी और फॉरेन पॉलिसी कमेटी के वाइस चेयरमैन अहमद हयात-मोगद्दाम ने मंगलवार को कहा कि भारत समेत चार देशों के जहाज इस समुद्री मार्ग से बिना किसी रोक-टोक के आवाजाही कर सकते हैं।
किन देशों को मिली छूट
- भारत
- चीन
- इराक
- कतर
आर्थिक और सुरक्षा हालात की समीक्षा वाली एक बैठक में बोलते हुए हयात-मोगद्दाम ने कहा, ''होर्मुज के मामले में हमने पहले ही भारत, चीन, इराक और कतर को छूट दी है। वह आजाद हैं, मतलब वह हमारे नजरिए से आजाद हैं। अमेरिकियों को भी उनसे कोई दिक्कत नहीं है। वह होर्मुज से आवाजाही कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या ईरान पर हमला करने वाला है अमेरिका
उन्होंने बताया कि भारत को यह छूट दवाइयों के आयात को आसान बनाने के मकसद से दी गई है। वहीं, चीन को यह सुविधा राजनीतिक समर्थन हासिल करने के साथ-साथ आर्थिक लेनदेन को ध्यान में रखकर दी गई है। उनके मुताबिक, इन देशों के जहाज होर्मुज से लगातार आवाजाही कर रहे हैं।
इस बीच, अमेरिका के साथ संभावित सैन्य टकराव की आशंका के बीच ईरान के शीर्ष अधिकारी सैन्य नेतृत्व पर कतर की मध्यस्थता वाली डील पर विचार करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर किए हमले
अमेरिका के एक अधिकारी ने मंगलवार को ईरान के ठिकानों पर हमले की जानकारी दी। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज में केश्म और हेंगम द्वीपों तथा पास के मुख्य भूभाग के बंदर अब्बास इलाके में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
