Indian Plane Crash:अफगानिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यहां एक यात्री विमान क्रैश हो गया है। अफगानी मीडिया के हवाले से बताया गया कि जिबक जिले के आर्टिलरी क्षेत्र के ऊंचे पहाड़ों में यह विमान दुर्घटना हुई। वहीं बदख्शां पुलिस का कहना है कि यात्री विमान रडार से गायब हो गया था।
मॉस्को जा रहा यात्री विमान अफगानिस्तान में क्रैश
अफगानी मीडिया द्वारा पहले बताया गया था कि यह एक भारतीय विमान था, जो मॉस्को जा रहा था। हालांकि, थोड़ी देर बाद भारतीय नागर विमान मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह भारतीय विमान नहीं है। मंत्रालय ने 'एक्स' पर कहा, अफगानिस्तान में अभी जो दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना हुई है, वह न तो भारतीय विमान है और न ही नॉन शेड्यूल्ड (एनएसओपी)/चार्टर विमान है। यह मोरक्कन पंजीकृत छोटा विमान है,अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
विमान में सवार थे छह लोग
बाद में रूसी विमानन अधिकारियों ने पुष्टी की कि दुर्घटना में क्रैश हुआ विमान रूसी पंजीकृत विमान है। रॉयटर्स ने रूसी अधिकारियों के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा कि यह एक रूसी-पंजीकृत विमान था, जिसमें छह लोगों के सवार होने की आशंका है। शनिवार शाम को यह विमान अफगानिस्तान के ऊपर रडार स्क्रीन से गायब हो गया। विमान फ्रांस निर्मित डसॉल्ट फाल्कन 10 जेट था। विमान एक चार्टर उड़ान थी जो भारत से उज्बेकिस्तान होते हुए मॉस्को जा रही थी।
