West Asia Conflict: ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल का युद्ध थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ईरान ने अमेरिका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव को खारिज करते हुए अपनी शर्तें बता दी हैं, जबकि अमेरिका लगातार दबाव बनाने में जुटा हुआ है। तभी तो 25,000 सैनिकों के साथ 'यूएसएस त्रिपोली' को पश्चिम एशिया की तरफ रवाना कर दिया है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र अमीरात (UAE) के अबू धाबी से एक दुखद समाचार सामने आया। गुरुवार को ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल के मलबे से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
अबू धाबी में मिसाइल के मलबे से दो की मौत
आसमान से गिरा मलबा
अबू धाबी ने गुरुवार को ईरान की ओर से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को आसमान में भी निष्क्रिय कर दिया, लेकिन जब मिसाइल का मलवा जमीन पर गिरा तो उसमें दो लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है, जबकि एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गया।
अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि यह हादसा पहले सामने आए उस मामले की आगे की जांच के दौरान सामने आया, जिसमें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किए जाने के बाद उसका मलबा नीचे गिरा था।
नागरिकों से की यह अपील
इस घटना में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक यूएई, एक जॉर्डनियन और एक भारतीय शामिल हैं। प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वह केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहों या अपुष्ट खबरों को फैलाने से बचें।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना गुरुवार को उस समय घातक साबित हुई, जब इंटरसेप्शन के बाद गिरा मलबा व्यस्त स्वेहान स्ट्रीट पर आ गिरा। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए। हालांकि, एयर डिफेंस सिस्टम ने मुख्य मिसाइल को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया था, लेकिन उसके टुकड़ों के आबादी वाले इलाके में गिरने से भारी नुकसान और दहशत फैल गई।
