आबादी के मामले में हिंदुस्तान से पिछड़ने के बाद चीन की टीस उसकी पहली प्रतिक्रिया में देखने को मिली। बुधवार (19 अप्रैल, 2023) को जब संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की ओर से डेटा जारी कर बताया गया कि भारत चीन से आगे निकलकर दुनिया का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन गया है, तब 'ड्रैगन' ने इससे जुड़ी रिपोर्ट्स को अधिक तवज्जो नहीं दी। उल्टा यह कहा कि आकार मायने रखता है, पर उससे ज्यादा प्रतिभा संसाधन की अहमियत होती है। हमें सिर्फ जनसंख्या के आकार पर नहीं बल्कि उसकी जनसंख्या की गुणवत्ता भी देखना होती है।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
ताजा आंकड़ों के आने से पहले तक चीन इस मामले में नंबर-1 हुआ करता था। रिपोर्ट के बाद उसकी ओर से कहा गया कि उसके पास अब भी 90 करोड़ से अधिक लोगों का गुणवत्ता वाला मानव संसाधन है, जो तेज गति से विकास कर सकता है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने बीजिंग में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘जब किसी देश के जनसांख्यिकीय लाभांश का आकलन होता है तो हमें केवल जनसंख्या के आकार पर नहीं बल्कि उसकी जनसंख्या की गुणवत्ता को भी देखना होता है।’’
बकौल वेनबिन, "आकार मायने रखता है, मगर ज्यादा मायने प्रतिभा संसाधन रखते हैं। चीन की 1.4 अरब आबादी में काम करने की आयु वाले लोगों की संख्या 90 करोड़ के करीब है और आबादी का यह हिस्सा औसत 10.5 साल पढ़ाई करने वाला है। जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री ली क्विंग ने कहा है कि हमारा जनसंख्या लाभांश कम नहीं हुआ है और हमारा प्रतिभा लाभांश तेजी से बढ़ रहा है।" आबादी में बुजुर्गों की संख्या बढ़ने के मुद्दे पर वांग ने आगे बताया कि चीन ने इस बारे में एक राष्ट्रीय नीति लागू की है जिसमें तीसरे बच्चे को जन्म देने की नीति और जनसांख्यिकीय बदलावों पर ध्यान देने के कदमों का समर्थन करना शामिल है।
दरअसल, अपने इंडिया की आबादी बढ़कर 142.86 करोड़ हो गई है। भारत इसके साथ ही चीन को पीछे छोड़कर 19 अप्रैल, 2023 को विश्व का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के आधार पर सामने आई है। यूएन के विश्व जनसंख्या ‘डैशबोर्ड’ (मंच) के मुताबिक, चीन की आबादी फिलहाल 142.57 करोड़ है। वैश्विक स्तर पर जनसंख्या से जुड़ा डेटा 1950 से जुटाया जा रहा है और पहली बार हिंदुस्तान सबसे अधिक आबादी वाले देशों की संयुक्त राष्ट्र सूची में टॉप पर पहुंचा है। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
