Trump Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को इराक सहित छह देशों को नए टैरिफ रेट वाला पत्र भेजा है। इन देशों पर ट्रंप ने 20 से लेकर 30 फीसद वाला चाबुक चलाया है। इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को 14 देशों को टैरिफ रेट वाला पत्र जारी किया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
लिस्ट में नहीं है भारत का नाम
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है और अब तक भारत उन देशों की सूची में शामिल नहीं है जिन्हें ट्रंप प्रशासन ने बुधवार को टैरिफ रेट वाला पत्र जारी किया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को राहत मिलेगी। हालांकि, जिन देशों पर टैरिफ वाला चाबुक चला है उनमें लीबिया, इराक, अल्जीरिया, मोल्दोवा, ब्रुनेई और फिलीपींस शामिल हैं। हालिया पत्र के मुताबिक, लीबिया, इराक, अल्जीरिया पर 30 फीसद, जबकि मोल्दोवा, ब्रुनेई पर 25 फीसद और फिलीपींस पर 20 फीसद टैरिफ लगाया है।
इन देशों को अबतक जारी हुए टैरिफ पत्र
बांग्लादेश, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बोस्निया, हर्जेगोविना, कंबोडिया, कजाकिस्तान, लाओस, सर्बिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, इराक, अल्जीरिया, मोल्दोवा, ब्रुनेई और फिलीपींस शामिल हैं।
सनद रहे कि अमेरिका ने 2 अप्रैल को भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 26 फीसद टैरिफ लगाया, लेकिन इसे 90 दिनों के लिए 9 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया था। हालांकि, अब इसे एक अगस्त तक के लिए टाला गया है और तब तक अमेरिका द्वारा लगाया गया 10 फीसद बेसलाइन टैरिफ लागू रहेगा।
