टोक्यो में भारत और जापान के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को नई रफ्तार देने पर सहमति बनी है। दोनों देश अब मिसाइल टेक्नोलॉजी, अंडरवॉटर टेक्नोलॉजी, समुद्री सुरक्षा और रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। साथ ही दोनों देशों की नौसेनाओं के जहाजों की मरम्मत के लिए भी एक-दूसरे की सुविधाओं का इस्तेमाल करने की तैयारी है।
जापान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर (@SpokespersonMoD)
टोक्यो में हुई उच्चस्तरीय बातचीत के दौरान भारत और जापान ने अपनी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया। दोनों देशों ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए भारत-जापान की साझेदारी बेहद अहम है। बातचीत में अगस्त 2025 में हुए संयुक्त सुरक्षा सहयोग घोषणापत्र के तहत रक्षा और सुरक्षा साझेदारी में हुई प्रगति पर संतोष जताया गया।
भारत-जापान के बीच रक्षा सहयोग के 10 बड़े फैसले
1. वीर गार्जियन-26 में जापानी फाइटर जेट की भागीदारी
भारत में हुए भारत-जापान वायुसेना अभ्यास 'वीर गार्जियन-26' में पहली बार जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। दोनों देशों ने इसे रक्षा सहयोग की बड़ी उपलब्धि बताया।
2. रक्षा उद्योग में बढ़ेगा सहयोग
13 अक्टूबर 2026 को टोक्यो में तीसरा भारत-जापान रक्षा उद्योग फोरम आयोजित किया गया। दोनों देश रक्षा उपकरणों के निर्माण और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाएंगे।
3. समुद्री सुरक्षा पर विशेष जोर
समुद्री सुरक्षा सहयोग को लेकर हाल ही में हुए समझौते को आगे बढ़ाते हुए दोनों देश समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, सर्च एंड रेस्क्यू और खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
4. हिंद महासागर और हिंद-प्रशांत में निगरानी
भारत और जापान Maritime Domain Awareness और Air Domain Awareness के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे। इससे समुद्र और हवाई क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर बेहतर नजर रखने में मदद मिलेगी।
5. UNICORN समझौते को जल्द पूरा करने की तैयारी
दोनों देशों ने UNICORN से जुड़े समझौतों को जल्द अंतिम रूप देने की उम्मीद जताई है। इसका मकसद रक्षा और समुद्री क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाना है।
6. 'Design with Japan, Make in India' पर जोर
भारत और जापान रक्षा उपकरणों के विकास और निर्माण में साझेदारी बढ़ाएंगे। जापान की तकनीक और भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को जोड़कर नए रक्षा उपकरण तैयार करने पर जोर रहेगा।
7. मिसाइल और अंडरवॉटर टेक्नोलॉजी में सहयोग
दोनों देशों ने खास तकनीक, पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाली तकनीक और मिसाइल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग तेज करने पर सहमति जताई है।
8. नौसेना के जहाजों की मरम्मत के लिए समझौता
भारत और जापान Maritime Ship Repair Arrangement (MSRA) को जल्द अंतिम रूप देना चाहते हैं। इसके तहत दोनों देश एक-दूसरे के शिप रिपेयर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
9. समुद्री बारूदी सुरंगों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी
दोनों देशों ने Mine Countermeasure यानी समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमता में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है।
10.अंतरराष्ट्रीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर सहमति
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों देशों ने विचार साझा किए। भारत और जापान ने अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की जरूरत पर जोर दिया।
2027 में भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल
भारत और जापान के बीच 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होंगे। दोनों देश इस खास मौके की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में रक्षा, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और रक्षा उद्योग में बढ़ता सहयोग दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगा।
भारत और जापान अब सिर्फ संयुक्त सैन्य अभ्यास तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि मिसाइल, अंडरवॉटर टेक्नोलॉजी, समुद्री निगरानी और रक्षा उत्पादन में भी एक मजबूत साझेदारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
