Trump Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से भारत पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ का बचाव किया है। साथ ही उन्होंने भारत को अपना सबसे बड़ा ग्राहक भी बताया और एक बार फिर से रूसी तेल खरीदी वाला रोना रोया। दरअसल, ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल आयात को लेकर दंडात्मक 50 फीसदी टैरिफ लगाया था जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम तक पहुंच गया। हालांकि, अब ट्रंप के सुर बदले-बदले नजर आ रहे हैं और भारत से रिश्ते सुधारने की कोशिशें कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो साभार: AP)
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत उनका सबसे बड़ा ग्राहक था। मैंने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया, क्योंकि वे रूस से तेल खरीद रहे हैं, यह कोई आसान बात नहीं है। यह एक बड़ी बात है और उससे भारत के साथ दरार पैदा होती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शिकंजा कसने का क्या मतलब है, जिसके जवाब में ट्रंप ने यह कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह पहले ही कर चुका हूं। मैंने बहुत कुछ किया है।’’ ट्रंप ने कहा, ‘‘और याद रखें कि यह हमारी समस्या से कहीं अधिक यूरोप की समस्या है।’’
साक्षात्कार में, ट्रंप ने अपने इस दावे को भी दोहराया कि उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में अब तक सात संघर्षों को सुलझाया है।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने सात संघर्ष सुलझाए हैं। मैंने कई संघर्ष सुलझाए, जिनमें पाकिस्तान और भारत भी शामिल हैं, साथ ही बड़े संघर्ष, जिनमें से कुछ अनसुलझे थे, जैसे कांगो और रवांडा। मैंने उन्हें सुलझाया। यह 31 सालों से चल रहा था, लाखों लोग मारे गए। मैंने ऐसे संघर्ष सुलझाए जो अनसुलझे थे।’’
ट्रंप के बदले सुर
इससे पहले, ट्रंप ने एक बार फिर पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया था। उन्होंने मंगलवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते में जो बाधाएं हैं, उन्हें दूर करने के लिए बातचीत जारी है। ट्रंप ने कहा था कि मैं आने वाले हफ्तों में अपने सबसे अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे भरोसा है कि हमारे दोनों देशों के बीच वार्ता ठीक तरह से पूरी हो जाएगी, कोई मुश्किल नहीं आएगी।
PM मोदी ने दिया था सटीक जवाब
ट्रंप के बयान पर पीएम मोदी का जवाब भी सामने आया था। उन्होंने बुधवार को कहा था कि भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को उजागर करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा था कि इसे अंतिम रूप देने के लिए हमारी टीम चर्चाएं कर रही हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत के लिए भी उत्सुक हूं। हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने को लेकर मिलकर काम करेंगे।
