सऊदी अरब पर हूतियों का बड़ा हमला, रियाद एयरपोर्ट से Aramco की तेल सुविधाओं तक को बनाया निशाना

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में छह सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है। उनके मुताबिक, रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अरामको की तेल सुविधाएं और नजरान स्थित नेशनल गार्ड कैंप निशाने पर रहे। हूतियों ने बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन से हमले की बात कही है। उन्होंने इसे यमन के ताइज़ प्रांत में कथित सऊदी एयरस्ट्राइक का जवाब बताया।

यमन के हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब में छह सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है। हूतियों के मुताबिक, इन हमलों में रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको की तेल सुविधाओं और नजरान में नेशनल गार्ड के एक कैंप को निशाना बनाया गया। हालांकि, सऊदी अरब ने अभी तक इन कथित हमलों या उनसे हुए नुकसान की पुष्टि नहीं की है।

aramco news

रियाद एयरपोर्ट और अरामको पर मिसाइल-ड्रोन हमले का दावा। ANI

बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन से हमले का दावा

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि इन छह अभियानों में बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि रियाद एयरपोर्ट, तेल भंडारण टैंकों और अरामको के डिस्टिलेशन टावर को निशाना बनाया गया। हूती प्रवक्ता के अनुसार, खुरैस स्थित अरामको की सुविधाओं और दवदमी में पंपिंग स्टेशन नंबर-8 पर भी हमले किए गए। उन्होंने दावा किया कि इन सभी हमलों ने अपने लक्ष्य हासिल किए हैं।

End of Feed