Israel Hezbollah War: हसन नसरल्लाह की मौत के बाद हिजबुल्लाह ने इजराइल पर हमले तेज कर दिए हैं। हिजबुल्लाह लगातार इजराइल के कई इलाकों पर हमले कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिजबुल्लाह की तरफ से इजराइल पर एक साथ 40 से ज्यादा रॉकेट हमले किए गए। चिंता वाली बात यह है कि ये हमले इजराइल के रिहायशी इलाकों में हुए। जबकि, हिजबुल्लाह की ओर से लगातार दावा किया जा रहा है कि वह इजराइली सेना (IDF)या फिर मोसाद के हेडक्वार्ट्स को टारगेट कर रहा है। हालांकि, रिहायशी इलाकों में हो रहे इन हमलों ने आम जन-जीवन को तबाह कर दिया है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच छिड़ी इस जंग की सटीक और प्रामाणिक जानकारी देने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत के रिपोर्ट्स प्रदीप दत्ता वॉर जोन में लगातार बने हुए हैं। पेश है उनकी यह रिपोर्ट...
वॉर जोन में पहुंचा टाइम्स नाउ नवभारत।
लगातार बज रहे सायरन
टाइम्स नाउ नवभारत के रिपोर्टर प्रदीप दत्ता ने बताया कि हिजबुल्लाह ने कल रात इजराइल के हाइफा पर एक साथ करीब 40 रॉकेट हमले किए। उन्होंने बताया, हसन नसरल्लाह की मौत के बाद से हिजबुल्लाह इजराइल के रिहायशी इलाकों को लगातार निशाना बना रहा है। सरहद के पास होने के कारण सबसे ज्यादा हमले हाइफा में हो रहे हैं। यह इजराइल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है।
रॉकेट हमले में ध्वस्त हो गई पूरी इमारत
वॉर जोन में रिपोर्टिंग कर रहे प्रदीप दत्ता हाइफा की उस इमारत में भी पहुंचे, जिसे एक रात पहले हिजबुल्लाह ने निशाना बनाया। उन्होंने बताया एक बड़े रॉकेट हमले में पूरी इमारत तबाह हो गई। यह हमला उस वक्त हुआ, जब इमारत में कुछ लोग रहने के लिए आने वाले थे। इस बिल्डिंग के आसपास के सभी घरों को लोग खाली करके शेल्टरों में जा चुके हैं।
अमेरिका ने ईरान पर लगाए कई प्रतिबंध
इस बीच अमेरिका ने इजराइल पर हमले के जवाब में ईरान के ऊर्जा क्षेत्र पर नयी पाबंदियों की घोषणा की है। अमेरिका ने जिन पाबंदियों की घोषणा की है उनमें ईरान के तथाकथित जहाजों के गुप्त बेड़े तथा संबंधित कंपनियों पर प्रतिबंध शामिल है। ये जहाज और कंपनियां संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, हांगकांग और अन्य भूभागों में फैली हैं तथा वे कथित रूप से एशिया में खरीददारों के वास्ते ईरानी तेल की ढुलाई में लगी हैं। इसके अलावा अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान से पेट्रोलियम और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री और ढुलाई का इंतजाम करने के आरोप में सूरीनाम, भारत, मलेशिया और हांगकांग स्थित कंपनियों का एक नेटवर्क भी नामित किया है।
