दुनिया

Heathrow Showdown: लंदन के इस व्यस्त एयरपोर्ट में फ्लाइट संचालन बंद; हजारों यात्री परेशान, जानें क्यों हुआ ऐसा?

Heathrow Airport: ब्रिटेन का हीथ्रो हवाई अड्डा लंदन के एक विद्युत उपकेंद्र में आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण शुक्रवार को बंद रहेगा। हवाई अड्डे ने एक बयान जारी कर कहा कि हमारे यात्रियों और सहकर्मियों की सुरक्षा बनाये रखने के लिए हमारे पास हीथ्रो को शुक्रवार को पूरे दिन के लिए बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

Image

हीथ्रो एयरपोर्ट

Photo : AP

Heathrow Airport: ब्रिटेन का हीथ्रो हवाई अड्डा लंदन के एक विद्युत उपकेंद्र में आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण शुक्रवार को बंद रहेगा। विद्युत उपकेंद्र में आग लगने के कारण हवाई अड्डे और हजारों मकानों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पश्चिमी लंदन में एक विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर में आग लग जाने के बाद लगभग 150 लोगों को वहां से निकाला गया।

पूरे दिन बंद रहेगा हवाई अड्डा

हवाई अड्डे ने एक बयान जारी कर कहा कि हमारे यात्रियों और सहकर्मियों की सुरक्षा बनाये रखने के लिए हमारे पास हीथ्रो को शुक्रवार को पूरे दिन के लिए बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उसने कहा, ‘‘हमें अगले दिनों के दौरान बड़े व्यवधान की आशंका है, ऐसे यात्रियों को तब तक किसी भी परिस्थिति में हवाई अड्डे पर नहीं आना चाहिए जब तक वह फिर से नहीं खुल जाता।’’

क्या है पूरा मामला?

हवाई अड्डे ने कहा कि बिजली बहाल होने की सूचना मिलने पर वह अपने संचालन को लेकर ताजा जानकारी देगा। लंदन अग्निशमन विभाग ने कहा कि दमकल की 10 गाड़ियां और लगभग 70 अग्निशमन कर्मी घटनास्थल पर हैं। सहायक आयुक्त पैट गॉलबोर्न ने कहा, ‘‘आग के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है जिससे बड़ी संख्या में मकान और स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हुए हैं। हम व्यवधान को सीमित करने के लिए अपने भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

काले धुएं का उठा गुबार

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उपकेंद्र से आग की ऊंची लपटें और धुएं के बड़े गुबार निकलते दिखाई दे रहे हैं। ‘स्कॉटिश और सदर्न इलेक्ट्रिसिटी नेटवर्क’ ने ‘एक्स’ के जरिए बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से 16,300 से अधिक मकान प्रभावित हुए हैं।

आपातकालीन सेवाओं को आग लगने की सूचना बृहस्पतिवार रात 11 बजकर 23 मिनट पर मिली। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। गॉलबोर्न ने लोगों से सुरक्षा संबंधी सावधानी बरतने और प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article