Gunmen Kill Awami National Leader In Northwest Pak: पुलिस ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुवार को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में अवामी नेशनल पार्टी के नेता मौलाना खान जेब और एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। बाजौर जिले के पुलिस अधिकारी वकास रफीक ने मीडिया को बताया कि मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले के शिंदई मोड़ में 13 जुलाई को होने वाली शांति परेड के लिए प्रचार कर रहे राजनेता पर गोलियां चलाईं।
पाकिस्तान में अवामी नेशनल पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या - प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo - PTI)
किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली
पुलिस ने पुष्टि की है कि हमले में खान जेब गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन नागरिक घायल हो गए। किसी भी समूह या व्यक्ति ने तुरंत हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारी ने कहा कि यह मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा टारगेट किलिंग थी।
रफीक ने आगे कहा कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं। एएनपी के अध्यक्ष सीनेटर ऐमल वली खान ने हत्या की निंदा की। उन्होंने कहा कि खान जेब के बड़े भाई शेख जहान जादा से परामर्श के बाद राज्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाएगा।
तीन दिन के शोक की घोषणा
एएनपी केपीके अध्यक्ष मियां इफ्तिखार हुसैन ने घटना की कड़ी निंदा की और तीन दिन के शोक की घोषणा की। हुसैन ने कहा कि यह हमला न केवल अवामी नेशनल पार्टी पर, बल्कि पश्तून चेतना और शांति पर भी हमला है। इसी तरह, केपीके के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर के कार्यालय ने भी घटना की निंदा करते हुए एक बयान जारी किया। उन्होंने संदिग्धों को न्याय के कटघरे में लाने का संकल्प लिया। गंडापुर ने कहा कि घटना में शामिल लोग कानून की गिरफ्त से बच नहीं पाएंगे।
