France Student Protest: फ्रांस में छात्रों का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन लगातार तेज रहा है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर देशभर में आक्रोश का माहौल है। कुछ स्थानों पर प्रदर्शन हिंसक भी हो गया। इस बीच, प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने गुरुवार को मंत्रियों की आपतकालीन बैठक बुलाई।
फ्रांस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज
मंत्रियों के आगामी दौरे रद्द
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, फ्रांस में उपजे तनाव को देखते हुए वहां की सरकार ने मंत्रियों के आधिकारिक दौरे रद्द कर उन्हें प्रदर्शनों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।
पेरिस से खड़ा हुआ छात्र आंदोलन
पेरिस क्षेत्र के स्कूलों से पिछले सप्ताह शुरू हुआ छात्र आंदोलन तेजी से दूसरे इलाकों में फैल रहा है। पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हुई झड़पों के दौरान सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, कई दर्जन लोग घायल हुए हैं।
एंट्री गेट पर लगे बैरिकेड
पेरिस के एक हाई स्कूल में छात्रों ने एंट्री गेट पर बैरिकेड लगा दिए। 18 वर्षीय छात्रा सलामा गरगौरी ने कहा कि प्रदर्शनकारी लंबे और बोझिल शेड्यूल, शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों, उनकी बात नहीं सुनने वालों और यूनिवर्सिटी में आवेदन प्रक्रिया जैसे मुद्दों को लेकर आक्रोशित हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चाकू लगा, खून बहा फिर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित, 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' से होंगे सम्मानित; देशभर में हो रही विशेष पूजा
छात्रों में बढ़ रहा मानसिक तनाव
फ्रांस में हाई स्कूल के छात्रों की क्लासेस अक्सर सुबह 8 बजे शुरू होती हैं और देर दोपहर तक चलती हैं। एक अन्य छात्रा ने बताया कि बड़े लोग छात्रों से रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक स्कूल जाने की उम्मीद करते हैं, लेकिन इसकी वजह से मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाला असर उन्हें दिखाई नहीं देता है।
हिंसा और आगजनी से बढ़ा तनाव
कुछ प्रदर्शनों के दौरान आगजनी, पथराव जैसी घटनाएं भी सामने आईं जिसकी वजह से हालात बद से बदतर होते चले गए। गृह मंत्री ने पुलिस को उन नाकेबंदी को हटाने के निर्देश दिए हैं, जिनकी वजह से छात्र क्लासेस तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
