अफगानिस्तान के पक्तिका में पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा की गई बमबारी में क्लब स्तर के तीन क्रिकेट खिलाड़ी शहीद हो गए हैं और चार अन्य घायल हो गए हैं। ये खिलाड़ी अपने मैच समाप्त होने के बाद पक्तिका के केंद्र, शाराना से अरगुन ज़िले लौट रहे थे, तभी उन्हें बमबारी का निशाना बनाया गया।
अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की बमबारी (फोटो- AP)
टोलोन्यूज ने सूत्रों के हवाले से कहा कि सभी खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शाराना में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट मैच में हिस्सा लेकर वापस अरगुन जिले लौट रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा की गई सीमा पार बमबारी का वे शिकार हो गए।
स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला बिल्कुल आम नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया, जिनमें ये युवा खिलाड़ी भी शामिल थे। मृतकों की पहचान और उनकी उम्र का विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि सभी खिलाड़ी युवा और उभरते हुए क्रिकेटर थे, जो स्थानीय प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते थे।
इस हमले के बाद अफगान जनता और खेल प्रेमियों में भारी आक्रोश और शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तान के इस हमले की कड़ी निंदा कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
