दुनिया

मार गिराए गए ईरानी ड्रोन से UAE के बुर्ज अल अरब होटल में लगी आग

इजरायल-ईरान युद्ध के बीच ईरान की तरफ से भेजे गए एक ड्रोन को UAE के आसमान में मार गिराया गया। लेकिन इस ड्रोन का मलबा सीधा 60 मंजिला बुर्ज अल अरब होटल पर गिरा, जिससे होटल के बाहर हिस्से में आग लग गई।

Image

बुर्ज अल अरब होटल में ईरानी ड्रोन के मलबे से लगी आग

दुबई प्रशासन के अनुसार ईरान की तरफ से भेजे गए और इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन के मलबे से शहर के प्रतिष्ठित लक्जरी होटल Burj Al Arab होटल की बाहरी सतह पर आग लग गई। दुबई मीडिया कार्यालय ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया गया था, लेकिन उसके गिरते मलबे से होटल के बाहरी हिस्से में मामूली आग भड़क उठी।

प्रशासन ने बताया कि सिविल डिफेंस की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समुद्र के किनारे कृत्रिम द्वीप पर स्थित 60 मंजिला यह प्रतिष्ठित होटल दुबई की पहचान माना जाता है और विश्व की सबसे ऊंची इमारत Burj Khalifa से कुछ ही दूरी पर मौजूद है।

देर रात दुबई के अन्य इलाकों में भी नुकसान की खबरें सामने आईं। Dubai International Airport पर भी ड्रोन से अटैक किया गया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई, इस घटना में चार लोग घायल हो गए। वहीं एयर डिफेंस के दौरान गिरे मलबे से Jebel Ali Port पर भी आग लगने की सूचना है। इसके अलावा पाम जुमेराह क्षेत्र स्थित Fairmont The Palm के बाहर भी प्रोजेक्टाइल गिरने से आग भड़कने की खबर है।

यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान में सरकारी और सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने इन हमलों को ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निष्क्रिय करने और उसके नेतृत्व को समाप्त करने की कार्रवाई बताया। अमेरिकी और इजरायल ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई की मौत का दावा भी किया है।

इजरायल और अमेरिका के हमले का जवाब देते हुए ईरान ने बहरीन, कुवैत और कतर सहित कई खाड़ी देशों पर जवाबी हमले किए हैं, जिससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भेजी चिट्ठी में कहा है कि वह क्षेत्र में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों को 'वैध सैन्य लक्ष्य' मानता है। मौजूदा हालात ने पूरे मध्य पूर्व में अस्थिरता और वैश्विक चिंता को और गहरा कर दिया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article