अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन दौरे पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अलग मुलाकात करने की तैयारी में हैं। यह मुलाकात गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक के अलावा होगी। एक अमेरिकी अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, दोनों नेताओं की अलग बैठक का समय अभी तय नहीं हुआ है। ट्रंप और पुतिन की यह बातचीत पिछले साल अलास्का में हुई मुलाकात के बाद पहली होगी। उस बैठक का मकसद यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने का रास्ता निकालना था, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था।
चीन में पुतिन से अलग मुलाकात करेंगे ट्रंप
यूक्रेन युद्ध और परमाणु हथियारों पर बातचीत की तैयारी
ट्रंप ने संकेत दिया है कि शी और पुतिन के साथ होने वाली बैठक में वह परमाणु हथियारों को सीमित करने और 2022 से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा करेंगे।पहले ट्रंप के सहयोगियों ने कहा था कि यूक्रेन युद्ध चीन दौरे के एजेंडे में नहीं है, लेकिन मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि हर महीने हजारों रूसी सैनिकों की मौत से अब इस संघर्ष को सुलझाने का रास्ता खुल सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे इसे सुलझाने के बेहद करीब हैं। हालांकि, विशेषज्ञों को इस बैठक से किसी बड़े नतीजे की उम्मीद नहीं है।
अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ियों से बढ़ी चिंता
ट्रंप के चीन दौरे के बीच अमेरिका में कई बड़ी तकनीकी सेवाओं में व्यवधान की खबरें सामने आई हैं। जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। माइक्रोसॉफ्ट, अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA), जेपी मॉर्गन चेस और नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के कम्युनिकेशन नेटवर्क में तकनीकी समस्याएं सामने आईं। इससे लोगों के ईमेल, बैंक खातों और विमान सेवाओं तक पहुंच को लेकर चिंता पैदा हुई।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इन गड़बड़ियों पर सफाई देते हुए कहा कि इनके आपस में जुड़े होने या किसी दूसरे देश, साइबर हैकर अथवा अपराधियों से संबंध होने का कोई सबूत नहीं है। उनके मुताबिक, सिस्टम में मौजूद सुरक्षा खामियों को ठीक करने के दौरान कुछ समय के लिए सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर किया ट्रंप का स्वागत
ट्रंप बुधवार को चीन के टेक हब शेनझेन पहुंचे। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर खुद उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे के गले मिले। इसके उलट, पुतिन के चीन पहुंचने पर जिनपिंग उन्हें लेने एयरपोर्ट नहीं पहुंचे। बाद में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन की ग्रुप फोटो से पहले ट्रंप और पुतिन ने मुलाकात की और हाथ मिलाया। ट्रंप ने चीन पहुंचने से पहले फिलीपींस में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की बात कही।
ट्रंप की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार और तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा जारी है। ट्रंप अमेरिका को दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी ताकत के रूप में पेश करना चाहते हैं। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल और उससे जुड़े सुरक्षा जोखिम भी बैठक में अहम मुद्दे हो सकते हैं।
