Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अब गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को गिरफ्तार किए जा सकते हैं। इसका दावा खुद ट्रंप ने ही किया है।
डोनाल्ड ट्रंप होंगे गिरफ्तार
क्या कहा ट्रंप ने
सीएनएन के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को कहा कि उन्हें अगले सप्ताह मैनहट्टन जिला अटॉर्नी द्वारा जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है। इस दौरान उन्होंने विरोध प्रदर्शन का भी आह्वान किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, ट्रम्प ने खुद का जिक्र करते हुए कहा- "प्रमुख रिपब्लिकन उम्मीदवार और संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को मंगलवार को गिरफ्तार किया जाएगा।"
क्या है मामला
दरअसल, न्यूयॉर्क की ग्रांड जूरी 2016 में पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को किए गए 1.30 लाख डॉलर के भुगतान में ट्रंप की संलिप्तता की जांच कर रही है। आरोप है कि यह भुगतान इसलिए किया गया ताकि डेनियल्स रिपब्लिकन नेता ट्रंप से अपने कथित यौन संबंधों पर चुप रहें। डेनियल्स को धनराशि का भुगतान ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन ने किया था। कोहेन ने दावा किया था कि ट्रंप ऑर्गनाइजेशन द्वारा उन्हें प्रतिपूर्ति और अतिरिक्त बोनस के रूप में 4.20 लाख डॉलर का भुगतान किया गया था।
तैयारी में जुटे अधिकारी
अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में कानून प्रवर्तन अधिकारी 2016 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर किए गए कथित गुप्त भुगतान को लेकर उन पर आरोप तय किए जाने और उनके मैनहट्टन की एक अदालत में पेश होने की संभावनाओं के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने की कवायद में जुट गए हैं। चार कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मामले में अगर ट्रंप को अभ्यारोपित किया जाता है, तो यह अमेरिकी इतिहास में पहली बार होगा, जब किसी पूर्व राष्ट्रपति पर किसी मामले में आरोप लगाए जाएंगे।
हार के बाद हिंसा
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस बारे में कोई विवरण नहीं दिया कि उन्हें संभावित गिरफ्तारी के बारे में कैसे पता चला। अपने पोस्ट में उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडन से मिली हार को ‘‘जनादेश की चोरी’’ बताया और अपने समर्थकों से विरोध प्रदर्शन करने कहा। ट्रंप के राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान भड़काऊ संदेश के कारण कैपिटल में छह जनवरी 2021 को उनके समर्थकों ने व्यापक हिंसा की थी।
