Xi Jinping: भारत में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS Summit 2026) शिखर सम्मेलन के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और अनपुष्ट दावा सामने आया है। चीन डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष वांजुन शी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर दावा किया है कि नई दिल्ली में सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और वे बेहोश हो गए थे।
दिल्ली से लौटते ही अस्पताल में भर्ती हुए शी जिनपिंग? (फाइल फोटो)
वांजुन शी के मुताबिक, दिल्ली में हुई इस घटना के बाद जिनपिंग की मेडिकल टीम ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। सोशल मीडिया के इस दावे में यह भी कहा गया है कि शी जिनपिंग को इस बात की चिंता थी कि भारतीय पक्ष को उनकी सेहत से जुड़ी गोपनीय जानकारियां न मिल जाएं। इसी वजह से उन्होंने भारत के किसी अस्पताल में इलाज कराने से मना कर दिया और तुरंत एक विशेष विमान के जरिए बीजिंग लौटने का फैसला किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'मक्का की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं', ड्रोन हमले पर भारत सख्त; सऊदी ने हूतियों को दी 'रेड लाइन' की चेतावनी
अमेरिका का दौरा भी रद्द होने का दावा
विपक्षी नेता का आरोप है कि उड़ान के दौरान सर्जरी की सुविधाएं न होने के कारण डॉक्टरों की टीम केवल जीवनरक्षक दवाएं ही दे सकी, जिससे उन्हें सही समय पर आपातकालीन इलाज नहीं मिल पाया। बीजिंग पहुंचने पर उन्हें '301 अस्पताल' (PLA General Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर इस्केमिक स्ट्रोक (दिमाग में खून का थक्का जमना) से पीड़ित बताया। इस दावे में यह अटकल भी लगाई गई है कि बिगड़ती सेहत के कारण उनका आगामी अमेरिका दौरा रद्द हो सकता है।
कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि आपको बता दें कि अभी तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट सरकार या भारत के अधिकारियों की तरफ से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। चीनी आधिकारिक मीडिया के अनुसार, शी जिनपिंग ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सामान्य रूप से बीजिंग लौटे थे। फिलहाल, इसे केवल एक असत्यापित और सोशल मीडिया आधारित दावा ही माना जा रहा है।
