Dhaka Bomb Blast: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास स्थित सावर (Savar) से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नवगठित राजनीतिक दल 'नेशनल सिटीजन पार्टी' (NCP) की एक रैली के दौरान बम विस्फोट हो गया। इस घटना में कम से कम तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। विस्फोट के बाद रैली स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
ढाका के पास NCP रैली में बम धमाका
रैली के दौरान हुआ धमाका
एनसीपी (NCP) ने अपने बयान में कहा कि सोमवार रात करीब 9:45 बजे सावर थाना स्टैंड ईदगाह मैदान में पार्टी की रैली चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर बम धमाका कर दिया। पार्टी ने इस घटना को आतंकी हमला बताया है।
क्यों निकाली गई थी रैली?
इस रैली का आयोजन 'जुलाई मार्च' अभियान के तहत किया गया था। इस मार्च का मकसद सरकार से कई मांगों को लेकर दबाव बनाना था। इनमें जनमत संग्रह (रेफरेंडम) लागू करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना, बिजली संकट का समाधान, आवश्यक सामानों की कीमतों पर नियंत्रण और सीमा सुरक्षा मजबूत करना जैसी मांगें शामिल थीं।
छात्र आंदोलन से जुड़ी है एनसीपी
नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) का गठन उन छात्र नेताओं ने किया है, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पार्टी ने जुलाई माह में देशभर में मार्च निकालने की घोषणा की थी।
शेख हसीना का भारत आना
बांग्लादेश में पिछले साल हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद 5 अगस्त 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आ गई थीं। इस साल 17 अप्रैल को भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने पुष्टि की थी कि बांग्लादेश की तरफ से शेख हसीना के प्रत्यर्पण (Extradition) का औपचारिक अनुरोध मिला है। मंत्रालय ने कहा था कि इस अनुरोध की कानूनी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत समीक्षा की जा रही है।
विस्फोट की जांच जारी
फिलहाल बम धमाके की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट के पीछे कौन लोग थे और इसका मकसद क्या था। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
