Terror Attack: आतंकवादियों ने शुक्रवार को अशांत उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में ड्यूटी करके घर लौट रहे न्यायाधीशों के एक काफिले पर हमला कर दिया। यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में टैंक मार्क पर हुआ है।
पाकिस्तान में आतंकवादी हमला
आतंकियों ने घात लगाकर किया हमला
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान में टैंक जिले की अदालतों में ड्यूटी के बाद न्यायाधीशों का काफिला जब उनके घरों की ओर जा रहा था तो कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बावजूद सशस्त्र आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया।
दो पुलिसकर्मियों की मौत
न्यायाधीशों की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियो की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायल बताए जा रहे हैं। टैंक-डीआई खान मार्ग पर पुलिस और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में काफिले में न्यायाधीशों की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
इस बीच प्रांत के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने न्यायाधीशों के वाहनों पर हमले की निंदा करते हुए रिपोर्ट तलब की है। गंडापुर ने दो पुलिसकर्मियों की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए न्यायाधीशों के लिए सुरक्षा घेरा मजबूत करने का भी आह्वान किया। नेशनल असेंबली में प्रस्तुत गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में वर्ष 2023 में 1,514 आतंकवादी हमले हुए जिसमें 2,922 लोग मारे गए।
(इनपुट: भाषा)
