Business VISA: चीन ने शुक्रवार को भारत के उस फैसले की जमकर प्रशंसा की जिसमें देश में कम समय के लिए आने वाले चीनी पेशवरों के लिए बिजनेस वीजा की मंजूरी में तेजी लाई जाएगी। ड्रैगन ने इसे एक सकारात्मक कदम बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बीजिंग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के कदम को सकरात्मक बताया। दरअसल, इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में गुओ जियाकुन ने कहा, ''हमने इस सकारात्मक कदम पर संज्ञान लिया है।''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फाइल फोटो साभार: AP)
भारत ने VISA नियमों में किया बदलाव
भारत ने अल्पावधि के लिए देश की यात्रा करने वाले चीनी पेशेवरों के लिए बिजनेस वीजा की शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करने को लेकर नियमों में बदलाव किए हैं। यह कदम पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण हुए संबंधों में फिर से सुधार करने के प्रयासों के बीच उठाया गया है। हालांकि, घटनाक्रम से परिचित लोगों ने शुक्रवार को बताया कि सभी चीनी वीजा आवेदकों की मौजूदा जांच प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भारत के फैसले से चीन गदगद
गुओ जियाकुन ने भारत के फैसले की तारीफ करते हुए इसे दोनों पक्षों का सामान्य हित बताया। उन्होंने कहा कि सीमा पार यात्रा को सुगम बनाना 'सभी पक्षों के साझा हितों की पूर्ति करता है'। उन्होंने कहा, ''चीन भारत के साथ संवाद एवं परामर्श जारी रखेगा ताकि लोगों के बीच आदान-प्रदान को और सुगम बनाया जा सके।''
जुलाई में, भारत ने पांच साल से अधिक समय के अंतराल के बाद चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू किया था, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चीन ने भी भारतीय पर्यटकों, जिनमें समूह पर्यटक भी शामिल हैं, को वीजा जारी करना शुरू कर दिया है।
पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर मई 2020 में शुरू हुए सैन्य गतिरोध के बाद चीनी नागरिकों को वीजा जारी करना निलंबित कर दिया गया था। हाल के महीनों में भारत और चीन ने अपने संबंधों को फिर से स्थापित करने के लिए कई जन-केंद्रित कदमों पर सहमति व्यक्त की है।इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने का समझौता, सीधी उड़ानों की बहाली, राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाना और वीजा सुविधा शामिल हैं। दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें अक्टूबर में फिर से शुरू हो गई थीं।
