चीन-अमेरिका के बीच फिर ठनी: जिनपिंग ने 5 अमेरिकी कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध, जानें वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2024, 07:08 PM IST

China bans American Companies: चीन ने जिन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं उनमें बीएई सिस्टम्स लैंड एंड आर्मामेंट, एलियंट टेकसिस्टम्स ऑपरेशन, एयरोविरोनमेंट वियासैट एंड डेटा लिंक सॉल्यूशंस शामिल हैं।

China bans American Companies: चीन और अमेरिका के बीच एक बार फिर से ठन गई है। दरअसल, ताइवान को हथियार बेचने और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए जाने से नाराज चीन ने अमेरिका की रक्षा से जुड़ी पांच कंपनियों पर रविवार को प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। विदेश मंत्रालय ने ऑनलाइन जारी एक बयान में कहा कि इन प्रतिबंधों के तहत चीन में इन कंपनियों की संपत्ति कुर्क हो जाएगी और चीनी संगठनों और लोगों के उनके साथ कारोबार करने पर मनाही होगी।

Xi Jinping

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

जिन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं उनमें बीएई सिस्टम्स लैंड एंड आर्मामेंट, एलियंट टेकसिस्टम्स ऑपरेशन, एयरोविरोनमेंट वियासैट एंड डेटा लिंक सॉल्यूशंस शामिल हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंधों का इन कंपनियों पर क्या असर होगा। ऐसे प्रतिबंध अक्सर सांकेतिक होते हैं क्योंकि अमेरिकी रक्षा ठेकेदार आमतौर पर चीन को सामान नहीं बेचते हैं।

चीनी मंत्रालय ने जारी किया बयान

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के कदमों ने चीन की संप्रभुत्ता और सुरक्षा हितों को नुकसान पहुंचाया है, ताइवान जलडमरूमध्य में शांति एवं स्थिरता को कमजोर किया है और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों के अधिकारों व हितों का उल्लंघन किया है। मंत्रालय ने बयान में कहा, चीन की सरकार राष्ट्रीय संप्रभुत्ता और क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों के कानूनी अधिकारों और हितों की रक्षा के हमारे संकल्प पर अडिग है।

ताइवान में होने वाले हैं राष्ट्रपति चुनाव

यह घोषणा ताइवान में राष्ट्रपति चुनाव से महज एक सप्ताह से भी कम समय पहले की गयी है। चीन उसके पूर्वी तट पर स्थित स्व:शासित ताइवान को अपना ही हिस्सा मानता है। चीन के विदेश मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि किस हथियार सौदे या अमेरिका के किन प्रतिबंधों पर चीन यह प्रतिक्रिया दे रहा है लेकिन प्रवक्ता वांग वेनबिन ने तीन सप्ताह पहले आगाह किया था कि दिसंबर में ताइवान को 30 करोड़ डॉलर के सैन्य पैकेज की अमेरिकी सरकार की स्वीकृति के बाद चीन जवाबी कदम उठाएगा।

End Article
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभा...

End of Feed