पश्चिम एशिया तनाव और होर्मुज में अमेरिकी नाकेबंदी के बीच भारत के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला एलपीजी कैरियर जहाज MT Sarv Shakti सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गया। और अब यह भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके 13 मई को विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है।
LPG लादकर भारत आ रहा 'सर्व शक्ति'
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जहाज पर भारतीय कार्गो के रूप में 46,313 मीट्रिक टन LPG लदी हुई है। इस जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य सवार हैं, जिनमें 18 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
एलपीजी कैरियर जहाज MT Sarv Shakti तब होर्मुज से सुरक्षित निकला है जब होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान के मध्य टकराव जारी है और अमेरिका ने जहाजरानी कंपनियों को चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजरने के लिए ईरान को भुगतान करने पर उन्हें प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है,जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस की सप्लाई होती है। आम तौर पर शांति के समय दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है।
28 फरवरी को जब ईरान पर अमेरिका और इजराइल ने हमले कर दिए तो उसके पलटवार में ईरान ने होर्मुज को बाधित कर दिया। तब से यह हालात जारी हैं। हालांकि बाद में,ईरान ने कुछ जहाजों को अपनी तटरेखा के करीब टोलबूथ वाली व्यवस्था के तहत वैकल्पिक मार्गों से मोड़कर सुरक्षित मार्ग प्रदान करना शुरू किया।
