अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में भारतवंशी 38 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, 22 वर्षीय भारतीय युवक कई महीनों से महिला का पीछा कर रहा था। महिला ने उसके खिलाफ रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर (Restraining order) भी लिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। जिसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली।
कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या (सांकेतिक फोटो)
DHS के अनुसार, मृतक महिला की पहचान शालिनी ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं हत्या का आरोपी भारतीय मूल का 22 वर्षीय युवक रोहित है। यह वारदात 8 सितंबर को सैंक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में हुई। शालिनी एक रेस्तरां के बाहर अपनी कार के पास थीं, तभी रोहित उसके पास पहुंचा। महिला ने वहां से बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसका पीछा करने लगा। इस दौरान आरोपी ने बंदूक से कई गोलियां चला दीं। जिससे घायल होकर शालिनी जमीन पर गिर गई। जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके सिर में भी नजदीक से गोली मारी और कार से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, बाद में रोहित अपने वाहन में मृत मिला। बताया जा रहा है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जनवरी से कर रहा था पीछा
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी जनवरी 2026 से शालिनी का कथित तौर पर पीछा कर रहा था। शालिनी को अपनी कार के बोनट के नीचे एकएप्पल एयरटैग मिला था, जिसके बाद उसे आरोपी के पीछा करने का शक हुआ। आरोप है कि रोहित ने बाद में शालिनी की कार के टायरों की हवा निकाल दी और उसके काम की जगह तक पीछा किया। वहां उसने मदद करने का दिखावा किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर शालिनी के अपार्टमेंट की चाबी की कॉपी भी हासिल कर ली थी और उनके सोते समय घर में घुसने का प्रयास किया। शालिनी ने मई में रोहित के खिलाफ रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर भी हासिल किया था। इसके बावजूद आरोपी कथित तौर पर जुलाई तक उसका पीछा करता रहा।
2023 में अमेरिका पहुंचा था आरोपी
DHS के एक प्रवक्ता के अनुसार, रोहित 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। यूएस बॉर्डर पेट्रोल द्वारा पकड़े जाने के बाद उसे रिहा कर दिया गया था। हालांकि, उसकी कानूनी निवास स्थिति (Legal residency status) को लेकर अभी भी पूरी तरह से स्पष्टता नहीं है। अमेरिकी पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
