मिस्र की राजधानी काहिरा को घेरने वाले मुख्य रिंग रोड पर बुधवार को एक बड़ा और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस आग ने हाईवे पर चल रहे दर्जनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कम से कम 31 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 21 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस भयावह अग्निकांड में दो दर्जन से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं।
हादसे के बाद सड़क पर जली गाड़ियां
गीजा के वराक इलाके में हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह दुर्घटना 'ग्रेटर काहिरा' क्षेत्र का हिस्सा माने जाने वाले गीजा के घनी आबादी वाले वराक इलाके से गुजरने वाले हाईवे के हिस्से पर हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड और राहत बचाव की टीमें पहुंचीं, जिन्होंने जलती हुई गाड़ियों से लोगों को बाहर निकाला। जाम में फंसे प्रत्यक्षदर्शी अहमद समीर ने बताया कि टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि गाड़ियां एक-दूसरे में फंस गईं। उन्होंने अपनी आंखों से जलती हुई गाड़ियों से कम से कम आठ शवों को निकलते देखा। मंजर बेहद खौफनाक और चीख-पुकार से भरा था।
मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच शुरू, राष्ट्रपति ने जताया शोक
घटना की गंभीरता को देखते हुए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी (Abdel-Fattah el-Sissi) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सार्वजनिक अभियोजक के कार्यालय ने बताया कि आग में बुरी तरह झुलसे शवों की पहचान के लिए DNA परीक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने कहा है कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में जारी मौतों का आंकड़ा शुरुआती है और रेस्क्यू के दौरान इसमें बढ़ोतरी होने की आशंका बनी हुई है।
मिस्र में खराब परिवहन सुरक्षा रिकॉर्ड पर उठे सवाल
मिस्र में जानलेवा सड़क दुर्घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। देश में हर साल खराब सड़क सुरक्षा रिकॉर्ड के कारण हजारों लोग अपनी जान गंवाते हैं। तेज रफ्तार, सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और ट्रैफिक नियमों के ढीले क्रियान्वयन को अक्सर इन बड़े हादसों की मुख्य वजह माना जाता है। इससे पहले इसी साल जनवरी में दक्षिणी प्रांत बेनी सुएफ के पास एक सड़क पर कई वाहनों के आपस में टकराने से 21 लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग घायल हुए थे।
