Brazil Floods & Landslides: ब्राजील में बारिश और बाढ़ के बाद हुए भूस्खलन से उत्तरी साओ पाउलो राज्य में हाहाकार देखने को मिला। सोमवार (20 फरवरी, 2023) सुबह तक आए ताजा डेटा के मुताबिक, इन घटनाओं के चलते 26 लोग अपनी जान गंवा चुके थे, जबकि मृतकों और हताहत होने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। यही नहीं, वहां से जो विजुअल्स और फोटो सामने आए, उनमें सड़कें बुरी तरह धंसी नजर आईं और कई मकान भी ढहे दिखे।
इस बीच, समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट में बताया गया कि साओ सेबस्टियाओ के ‘सिटी हॉल’ ने रविवार को पुष्टि की थी कि 25 लोगों की मौत हो चुकी है। उबातुबा के महापौर ने सात साल की लड़की की मौत की जानकारी दी है। साओ सेबस्टियाओ, उबातुबा, इल्हाबेला और बर्टिओगा के शहर सबसे बुरी तरह प्रभावित कुछ इलाकों में से हैं। वहां आपदा के हालत हैं, जिसके मद्देनजर इन्होंने अपने कार्निवल उत्सव को रद्द कर दिया, जबकि वहीं बचाव दल लापता, घायल और मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
उधर, ब्राजीली राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला डा सिल्वा ने माइक्रो ब्लॉगिंग मंच ट्विटर पर बताया कि वह प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे। साओ पाउलो राज्य सरकार की ओर से स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया गया कि क्षेत्र में एक दिन में 600 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है जो इतनी कम अवधि में ब्राजील में अब तक हुई सबसे ज्यादा बारिश है।
