Best Countries Ranking 2023: स्विट्जरलैंड ने सालाना सर्वश्रेष्ठ देशों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। यह लगातार दूसरा साल है और कुल मिलाकर छठी बार है जब स्विट्जरलैंड यूएस न्यूज एंड वर्ल्ड रिपोर्ट की वार्षिक रैंकिंग में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनकर उभरा है। आइए जानते हैं इस सूची में कौन से देश टॉप 10 में हैं और भारत किस नंबर पर है।
स्विट्जरलैंड सबसे बेहतर देश
सर्वश्रेष्ठ देशों की रैंकिंग 2023
बुधवार को जारी नए संस्करण में कनाडा, स्वीडन, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने भी योगदान दिया है। जर्मनी जो 2022 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर था, 2023 में जापान से नीचे 7वें स्थान पर खिसक गया है जबकि न्यूजीलैंड, यूनाइटेड किंगडम और नीदरलैंड शीर्ष 10 स्थान पर हैं।
सबसे नीचे ये देश
कई मानदंडों पर मूल्यांकन किए गए 87 देशों की सूची में कैमरून, अल्जीरिया, म्यांमार, होंडुरास, सर्बिया, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, लेबनान, बेलारूस और ईरान ने निचले 10 देशों में जगह बनाई है।
कहां है भारत
40.8 के समग्र स्कोर के साथ भारत 2023 में एक स्थान के सुधार के साथ 30वीं रैंक पर पहुंच गया। साल 2022 रैंकिंग में भारत 31वें नंबर स्थान पर था। भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 'मूवर्स' श्रेणी में आया, जिसमें देशों को उनकी भविष्य की विकास क्षमता के आधार पर रैंकिंग दी जाती है। इसमें यह भी शामिल होता है कि कोई देश वैश्विक अर्थव्यवस्था द्वारा उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए कितना तैयार है। संस्कृति और विरासत के मामले में भारत 8वें स्थान पर था। सबसे ताकतवर देशों में भारत 12वें स्थान पर था।
सर्वश्रेष्ठ देशों की रैंकिंग कैसे की जाती है
यूएस न्यूज एंड वर्ल्ड रिपोर्ट की सालाना रैंकिंग में विभिन्न विशेषताओं के आधार पर देशों को 10 उप-रैंकिंग में बांटा गया है, ये हैं: साहसिक कार्य, चपलता, सांस्कृतिक प्रभाव, उद्यमिता, विरासत, मूवर्स, व्यवसाय के लिए खुलापन, शक्ति, जीवन की गुणवत्ता और सामाजिक उद्देश्य।
रैंकिंग के लिए दुनिया भर के 36 देशों - अमेरिका, अफ्रीका, एशिया, यूरोप और मध्य पूर्व के कुल 17,195 व्यक्तियों का सर्वेक्षण किया गया था। प्रतिभागियों को जवाब देने के लिए देशों और देश की विशेषताओं का एक रैंडम उपसमूह दिया गया था। हर उपरैंकिंग में देश विशेषता स्कोर को समान रूप से महत्व दिया गया था।
