दुनिया

'हकीकत की दुनिया में जीना चाहिए'; ट्रंप की मोज्तबा से मुलाकात की बात पर ईरान ने उड़ाया मजाक, दे दी ये सलाह

Iran-US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मोज्तबा खामेनेई से मुलाकात की इच्छा पर ईरानी राष्ट्रपति ने उन पर तंज कसते हुए एक सलाह दी है। उन्होंने ट्रंप से कहा कि उन्हें हकीकत की दुनिया में जीना चाहिए।

Image

ईरानी राष्ट्रपति अब्बास अराघची और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Iran-US News: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और परमाणु समझौते को लेकर बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं दिख रही है। इस बीच, दोनों देशों के बीच एक नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई से मुलाकात की बात कही थी, जिस पर अब ईरान ने तंज कसा है। ईरानी राष्ट्रपति अब्बास अराघची ने ट्रंप को हकीकत में रहने की सलाह दी है।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और परमाणु समझौते को लेकर वार्ता का कोई नतीजा निकलता नहीं दिख रहा है।

क्या बोले अराघची?

ईरानी समाचार संस्थान अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के इस बयान को लेकर अराघची ने कहा,मैंने एक रिपोर्ट देखी जिसमें कहा गया था कि ट्रंप मुलाकात के लिए तैयार हैं या मुलाकात करना चाहते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि हमें यथार्थवादी होना चाहिए और वास्तविक दुनिया में जीना चाहिए।

ट्रंप ने क्या कहा था?

दरअसल, हाल ही में व्हाइट हाउस में ट्रंप जब पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे तब उन्होंने कहा कि यदि तेहरान के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप देने में मदद मिलती है,तो वह मोजतबा खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा, 'अगर मुलाकात होती है तो यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी। मैं पूरी तरह सम्मानजनक व्यवहार करूंगा। मैं जानता हूं कि मैं उनका पसंदीदा व्यक्ति नहीं हूं, लेकिन उनकी कुछ क्षेत्रों में अच्छी प्रतिष्ठा है।' हालांकि इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि मुलाकात का प्रस्ताव उन्होंने खुद नहीं दिया, बल्कि कुछ लोगों ने इसकी संभावना जताई है।

अमेरिका-ईरान गतिरोध बरकरार

बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और परमाणु समझौते पर ईरान और अमेरिका के बीच अब तक कोई सटीक वार्ता नहीं हो पाई है। हालांकि मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। खुद ईरानी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को इस बात को स्वीकार किया था। वहीं, इस तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह से बाधित है, जिसके कारण वैश्विक रूप से उर्जा संकट खड़ा हो गया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article