Bangladesh Protests: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार को हिंसक झड़पें हुईं। दरअसल, नौवें राष्ट्रीय वेतनमान को लागू करने की मांग कर रहे सरकारी कर्मचारियों की चीफ एडवाइजर मुहम्मद यूनुस के आधिकारिक आवास जमुना के बाहर पुलिस से लड़ाई हो गई। ये झड़पें आम चुनाव से छह दिन पहले हुई हैं। देश में चुनाव होने जा रहे हैं, जिससे अगस्त 2024 में हुई हिंसा के बाद पहली बार देश में एक चुनी हुई सरकार बनने की उम्मीद है। उस हिंसा के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था और उन्हें भारत भागना पड़ा था।
पड़ोसी देश बांग्लादेश में फिर विरोध प्रदर्शन
'स्वतंत्र और निष्पक्ष' चुनाव की देखरेख के लिए यूनुस के नेतृत्व में एक कार्यवाहक प्रशासन का गठन किया गया है।
हिंसा आज सुबह शुरू हुई जब देश भर से प्रदर्शनकारी शहीद मीनार पर इकट्ठा हुए और नौवें राष्ट्रीय वेतन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर गजट के तत्काल प्रकाशन और कार्यान्वयन की मांग करते हुए जमुना की ओर मार्च किया।
'पेट में चावल नहीं है - मुंह में किस बात का विकास है?' जैसे नारे लगाते हुए, प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर उनकी आजीविका की चिंताओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
सुबह 11.30 बजे, प्रदर्शनकारियों ने शाहबाग में पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और जमुना एंट्रेंस की ओर बढ़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें, आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड छोड़े और लाठीचार्ज किया।
विरोध प्रदर्शन को राष्ट्रपति आवास तक पहुंचने से रोकने के लिए वर्दीधारी सैनिकों को भी तैनात किया गया था।
खबरों के मुताबिक, झड़पें तेज होने पर कई लोग घायल हो गए। जब एक सीनियर पुलिस अधिकारी, डिप्टी कमिश्नर मसूद आलम ने एक प्रदर्शनकारी अधिकारी से सवाल किया, 'क्या आप चुनाव में गड़बड़ी करने के लिए जमुना आए हैं?', तो तनाव और बढ़ गया।
सरकारी कर्मचारियों ने कहा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के गंभीर राजनीतिक नतीजे हो सकते हैं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, 'अगर हमले जारी रहे तो हम चुनावों का बहिष्कार करेंगे।' बाद में पुलिस ने कहा कि वे स्थिति को कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं।
आलम ने कहा, टहम अलर्ट हैं ताकि कानून-व्यवस्था खराब न हो। हम प्रदर्शनकारियों से बात कर रहे हैं ताकि वे कहीं और चले जाएं।' शुक्रवार दोपहर तक, शाहबाग और जमुना के आसपास का इलाका तनावपूर्ण बना रहा, भारी सुरक्षा तैनात थी और अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।
