Bangladesh Bus Accident: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां यात्रियों से भरी एक बस नदी में जा गिरी। जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई। बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी बेकाबू होकर पद्मा नदी में जा गिरी। इस हादसे में कई यात्रियों के अभी भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई बच्चे और परिवार के सदस्य शामिल थे। ज्यादातर यात्री ईद की छुट्टियां बिताकर ढाका लौट रहे थे।
बांग्लादेश में बड़ा हादसा
यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5:15 बजे दक्षिण-पश्चिमी जिले राजबाड़ी के दौलादिया टर्मिनल पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ, जब बस पोंटून से होते हुए फेरी की ओर बढ़ रही थी, तभी एक छोटी यूटिलिटी फेरी ने पोंटून को टक्कर मार दी। इससे ड्राइवर बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे नदी में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग नदी में लापता हो गए।
बस में बरामद हुए 14 शव
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, फायर सर्विस के अधिकारी के अनुसार, ‘हमजा’ नामक बचाव पोत की मदद से बस को नदी से बाहर निकाला। बस के अंदर से 22 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 11 महिलाएं, छह पुरुष और पांच बच्चे शामिल हैं। इससे पहले गोताखोरों ने 50 से 60 वर्ष की आयु के बीच की दो महिलाओं के शव बरामद किए थे। खराब मौसम के बावजूद बचाव अभियान लगातार जारी रहा और करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात को बस को बाहर निकाला गया। अभी भी कई लोगों के लापता होने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
राजबाड़ी जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बचाव अभियान की जानकारी ली और इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, क्योंकि बस में सवार कई लोग एक ही परिवार के थे। जिनमें से कुछ लोग बस के बाहर खड़े होने के कारण सुरक्षित बच गए, जबकि उनके परिजन बस के अंदर ही रह गए और बस के साथ ही नदी में डूब गए। घटनास्थल पर बचाव अभियान अभी जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
