Donald Trump: ईरान पर अपनी सैन्य कार्रवाई पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि हमलों में ईरान की सेना, उसकी नौसेना, संचार व्यवस्था, उसके नेता सभी खत्म हो गए हैं। उनकी वायु सेना को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया गया है। उनके पास 32 जहाज थे और इन सभी को समुद्र में डुबो दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिकी सैन्य बलों की खूब तारीफ की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
ईरान के खिलाफ यूएस का ऑपरेशन एपिक फ्यूरी
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के बारे में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि यह चार से छह सप्ताह तक चलने की उम्मीद है। हम इन उद्देश्यों को हासिल करने की दिशा में अच्छी तरह आगे बढ़ रहे हैं। लेविट ने कहा कि हमने ईरान के 30 से अधिक जहाज और पोत डुबो दिए हैं। अब उनकी नौसेना को युद्ध के लिए अक्षम माना जा रहा है।
हमारे पास गोला-बारूद की कमी नहीं-लेविट
उन्होंने आगे कहा कि ईरान द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका, हमारे सैनिकों और क्षेत्र में मौजूद हमारे ठिकानों के लिए पैदा किए गए बैलिस्टिक मिसाइल खतरे को खत्म करना इस दिशा में हमने बेहतरीन काम किया है। संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने बेहद शानदार काम किया है। जैसा कि राष्ट्रपति ने कहा है, ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के उद्देश्यों को पूरा करने और उससे आगे तक जाने के लिए हमारे पास पर्याप्त से भी अधिक गोला-बारूद, हथियार और भंडार (स्टॉकपाइल) मौजूद हैं।
...मैं इसे 12 से 15 की रेटिंग दूंगा-ट्रंप
व्हाइट हाउस में कॉलेज स्पोर्ट्स पर आयोजित राउंड टेबल के दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'हम ईरान में बहुत अच्छी कार्रवाई कर रहे हैं। किसी ने मुझसे मुझे कि इसे मैं 0 से 10 के बीच कितना रेटिंग दूंगा तो मैं इसे 12 से 15 की रेटिंग दूंगा। उनकी सेना, नौसेना, संचार व्यवस्था, उनके नेता सभी खत्म हो गए है। उनकी वायु सेना पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। जरा, इसके बारे में सोचिए। उनके पास 32 जहाज थे और इन सभी 32 जहाजों को समुद्र में डुबो दिया गया है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस सैन्य कार्रवाई से लोग काफी प्रभावित हैं। इस सैन्य अभियान ने उन्हें वेनेजुएला में हुई कार्रवाई की याद दिला दी है। अभी यूएस का इतना सम्मान हो रहा है जितना पहले कभी नहीं हुआ।
