Kabul Afghanistan blast: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में विदेश मंत्रालय के निकट हुए विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। तालिबान पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।यह इस साल काबुल में हुआ दूसरा प्रमुख हमला है। किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।दोपहर के समय हुए विस्फोट के बाद सायरन गूंजने लगे।
काबुल में विदेश मंत्रालय के निकट हुए विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई (फोटो साभार-Ahmad Mukhtar Majeedi
@Majeediahmad)
काबुल पुलिस के मुख्य प्रवक्ता खालिद जादरान ने कहा कि सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया है। विस्फोट में 20 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। तालिबान सरकार के अधिकारियों से विस्फोट पर प्रतिक्रिया मांगी गई, लेकिन उन्होंने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने विस्फोट की निंदा की। उन्होंने इसे 'आतंकवादी कृत्य, मानवता के खिलाफ अपराध और सभी मानवीय व इस्लामी मूल्यों के खिलाफ कृत्य' करार दिया।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गौर हो कि अफगानिस्तान में पिछले कुछ महीनों में बम धमाके जैसी घटनाओं में लगातार बढोतरी देखने को मिली है।
