इंडोनेशिया में बीच समुद्र भयंकर हादसा हो गया है। एक शिप में समुद्र के बीचो-बीच आग लग गई, जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई, लोग जान बचाने के लिए पानी में कूद गए। अभी तक की रिपोर्ट के अनुसार कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
इंडोनेशिया में समुद्र के बीच शिप में लगी आग (फोटो- वायरल वीडियो @@volcaholic1)
ये भी पढ़ें- Typhoon Wipha: 400 से ज्यादा उड़ानें और कई ट्रेनें रद्द, तूफान 'विफा' ने चीन और हांगकांग में मचाया तांडव; घबराए लोग
5 लोगों की मौत
AP की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि रविवार को इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के पास समुद्र में सैकड़ों लोगों को ले जा रही एक यात्री फेरी में आग लग गई, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। 280 से ज़्यादा लोगों को बचा लिया गया है और निकासी अभियान जारी है।
बचाव कार्य में जुटी नौसेना
इंडोनेशियाई फ्लीट कमांड के कमांडर, वाइस एडमिरल डेनिह हेंड्राटा ने बताया कि शिप केएम बार्सिलोना 5, प्रांत के एक द्वीपीय ज़िले, तलौद से उत्तरी सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनादो जा रहा था, तभी तालिसे के पास पानी में उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि तीन नौसेना जहाज तैनात किए गए हैं और अब तक 284 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को निकाला जा चुका है। बचाव अभियान में स्थानीय मछुआरों की मदद भी शामिल थी, जिन्होंने लाइफ जैकेट पहने कुछ बचे लोगों को बचाया, जो उबड़-खाबड़ पानी में पास के द्वीपों की ओर बह रहे थे।
घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं
अधिकारी के अनुसार, अभी तक यह नहीं पता चला है कि इस घटना में कितने लोग घायल हुए हैं तथा जहाज पर सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सटीक संख्या भी उपलब्ध नहीं है। हेंड्राटा ने कहा, ‘‘हम अभी भी लोगों को सुरक्षित रूप से निकालने पर ध्यान दे रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
