दुनिया

दक्षिणी गाजा में इजरायली हमले में मासूमों सहित 31 लोगों की मौत; शवों से पटा है अस्पताल

Israel-Gaza Conflict: दक्षिणी गाजा में इजराइल की ओर से रातभर किए गए हमलों में कम से कम 32 लोग मारे गए हैं। खान यूनिस के ‘यूरोपियन हॉस्पिटल’ ने कहा कि इजराइल की ओर से किए गए हवाई हमलों और जमीनी अभियानों के बाद बड़ी संख्या में शव अस्पताल लाए गए हैं। इस बीच, ईरान ने मंगलवार देर रात इजराइल पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया।

Image

इजरायल गाजा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिणी गाजा में इजरायल का हवाई हमला।
  • इजरायली हमले में 32 की मौत।
  • मरने वालों में महिला और बच्चे शामिल।

Israel-Gaza Conflict: दक्षिणी गाजा में इजरायल की ओर से रातभर किए गए हमलों में कम से कम 32 लोग मारे गए हैं जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू

हमास के लड़ाकों ने सात अक्टूबर को इजरायल पर हमला किया था जिसके बाद लगभग एक वर्ष बाद भी इजरायल गाजा में हमास के ठिकानों पर हमले कर रहा है। इस बीच, हमास के समर्थन में हमला करने के बदले में इजरायल ने लेबनान के आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू किया है। इस संघर्ष के बीच इजरायल और ईरान के मध्य भी हमले हो रहे हैं। ईरान ने मंगलवार देर रात इजरायल पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया।

एक अलग घटनाक्रम में, हिजबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने लेबनान के सीमावर्ती शहर ओदेसाह में इजरायली सैनिकों के साथ संघर्ष किया जिससे उन्हें पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। हालांकि, इस घटना पर इजराइली सेना ने कोई टिप्पणी नहीं की है।

शवों से पटा अस्पताल

खान यूनिस के ‘यूरोपियन हॉस्पिटल’ ने कहा कि इजरायल की ओर से किए गए हवाई हमलों और जमीनी अभियानों के बाद बड़ी संख्या में शव अस्पताल लाए गए हैं। अस्पताल के रिकॉर्ड से पता चलता है कि मरने वालों में सात महिलाएं और 22 माह की उम्र के 12 बच्चे शामिल हैं। मंगलवार देर रात मध्य गाजा में अलग-अलग हमलों में दो बच्चों सहित 19 अन्य लोग मारे गए। इजरायली सेना ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

‘यूरोपियन हॉस्पिटल’ में नर्सिंग विभाग के प्रमुख डॉ. सालेह अल-हम्स ने कहा कि दर्जनों शवों और घायलों को सुबह तीन बजे उनके अस्पताल और नासिर अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article