प्यासे को पानी पिलाना बहुत बड़ा पुण्य का काम है और इसी पुण्य को कमाते हुए एक महिला और उसके बच्चे का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे देख लोग भावुक हो गए। वीडियो गुजरात के जिंजुवाड़ा (Zinzuwada) का बताया जा रहा है। जहां एक महिला अपने छोटे बेटे के साथ राहगीरों को पानी पिलाती नजर आ रही है। वीडियो को देखने के बाद लोग इस नेक काम के लिए उस महिला और उसके बेटे की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं।
राहगीरों को पानी पिलाते हुए महिला (X/@indian.now)
सोशल मीडिया पर छाई यह नेकदिल महिला
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। मगर इसे हमने इंस्टाग्राम पर पोस्ट @indian.now नामक अकाउंट से लिया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि गुजरात का जिंजुवाड़ा इलाका रेगिस्तानी और काफी गर्म रहता है। यहां दूर-दूर तक पेड़ या छाया भी नहीं मिलती। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले बाइक सवार और अन्य यात्री अक्सर थक जाते हैं और उन्हें पानी की जरूरत होती है।
ये भी पढ़ें: RCB फैंस को फ्री राइड दे रहा यह ऑटो ड्राइवर, टीम की जर्सी पहनने वालों के लिए ही है यह ऑफर
महिला राहगीरों को रोककर पिलाती है पानी
इसी चीज को देखते हुए इस महिला ने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर यात्रियों की मदद करने का फैसला किया। वह सड़क किनारे खड़ी होकर वहां से गुजरने वाले लोगों को बहुत ही प्यार से पानी पिलाती है। तपती गर्मी में जब कोई राहगीर वहां से गुजरता है, तो वह उसे रुकने का इशारा करती है और उसे पानी पिलाती है। कई बाइक सवार और राहगीर रुककर पानी पीते हैं और महिला का धन्यवाद करके वहां से चलते बनते हैं। इस दौरान कुछ लोग महिला के बेटे को कुछ गिफ्ट या पैसे दे देते हैं।
वीडियो को किसी राहगीर ने किया रिकॉर्ड
इस वीडियो को ऐसे ही किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जो अब खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देख लोग महिला के लिए भावुक भी हो रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि आज के समय में भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करते हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इसे इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
