ईरान का होर्मुज द्वीप इन दिनों एक बार फिर से अपनी अनोखी और रहस्यमय सुंदरता की वजह से चर्चा में आ गया है। बीते दिन हुई तेज बारिश के बाद इस द्वीप के समुद्री किनारे और तट खून जैसे लाल रंग में दिखाई देने लगे, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए। पहली नजर में यह नजारा किसी अजीब या डरावनी घटना जैसा दिखाई देता है, लेकिन असल में यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे किसी तरह का कोई खतरा नहीं होता।
ईरान में हुई 'खून की बारिश', देखें वीडियो (फोटो: X/ @JoeTruzman)
दरअसल, होर्मुज द्वीप की जमीन और पहाड़ों की बनावट ही ऐसी है। यह द्वीप फारस की खाड़ी के पास और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक स्थित है। यहां की मिट्टी और चट्टानों में लोहे की मात्रा बहुत अधिक मात्रा में पाई जाती है। यहां पर एक खनिज होता है जिसे हीमेटाइट कहते हैं। हीमेटाइट एक तरह का लौह ऑक्साइड है। जो लाल रंग पैदा करता है। यही खनिज मंगल ग्रह को भी लाल रंग देता है। जब यहां पर बारिश होती है तो पानी पहाड़ों और मिट्टी से बहते हुए इन लोहे के कणों को अपने साथ समुद्र तक खींच लाता है।
यह रंग बदलना केवल मौसम से जुड़ी एक प्राकृतिक घटना
इसके कारण समुद्र का पानी और किनारे की रेत लाल रंग में नजर आती है। बता दें कि यह रंग बदलना केवल मौसम से जुड़ी एक प्राकृतिक घटना भर है और इससे पर्यावरण पर किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचता। हालांकि, अगर लंबे समय तक मिट्टी का कटाव बिना नियंत्रण के होता रहा तो द्वीप की भौगोलिक संरचना पर असर पड़ सकता है।
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर @JoeTruzman नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। इंटरनेट पर इस वायरल वीडियो को देखने के बाद यूजर्स ने भी कई तरह के कमेंट्स किए हैं। पहले ने लिखा: "दस विपत्तियों में से पहली विपत्ति, ईश्वर ने पानी को खून में बदल दिया।", दूसरे ने लिखा: "अविश्वसनीय! अफसोस की बात है कि मैं अभी तक अपने देश के इस रहस्यमय द्वीप पर नहीं जा पाया हूं।", तीसरे ने लिखा: "अद्भुत! मैं 2023 में वहाँ गया था, शानदार ईरान"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
