Viral Video: एक अमेरिकी महिला सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उसने बताया कि उसने अमेरिका में एक आरामदायक लेकिन औसत जीवन को पीछे छोड़ दिया और भारत में "असाधारण जीवन" जी रही है। चार साल पहले अपने परिवार के साथ भारत आई क्रिस्टन फिशर ने अपने बच्चों के साथ भारत में अपनी जीवंत जिंदगी का एक पोस्टकार्ड दिखाया। क्रिस्टन ने कहा कि, 'भारत में रहें या अमेरिका में?' वीडियो में दो विकल्प दिए गए हैं, जिसमें क्रिस्टन और उनका परिवार भारतीय संस्कृति, इसकी जीवंत ध्वनियों और स्वाद के पागलपन में खुद को डुबोने का विकल्प चुनता है।
क्रिस्टन लिखती हैं कि, 'मुझे पता था कि मैं अपने जीवन को किस दिशा में ले जाना चाहती हूं, इसका नियंत्रण मेरे पास है। मैं अमेरिका में एक औसत जीवन चुन सकती थी, या कुछ साहसिक और असाधारण करने का विकल्प चुन सकती थीं।' चार बच्चों की मां ने कहा कि उन्हें भारत में बसने के अपने निर्णय पर कोई अफसोस नहीं है, जहां उन्होंने अब तक अविश्वसनीय लोगों से मुलाकात की है और अद्भुत स्थान देखे हैं। फिशर ने कहा, 'हम चार साल पहले अपने परिवार के साथ भारत आ गए थे और हमें इसका जरा भी अफसोस नहीं है। इन चार सालों में मैं कुछ अद्भुत लोगों से मिली, कुछ अविश्वसनीय जगहें देखीं, कुछ बेहतरीन खाना खाया और हमेशा के लिए अपना दिल बदल लिया। भारत ने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है और मैं कभी भी पहले जैसी नहीं रह पाऊंगी। आपको एक ही जिंदगी मिलती है, आप इसे कैसे जिएंगे?'
इस वायरल वीडियो में क्रिस्टन फिशर को साड़ी पहने, मेहंदी लगवाते, मध्य दिल्ली में कार की सवारी का आनंद लेते, होली मनाते और अपने बच्चों के साथ अन्य त्योहारों का आनंद लेते देखा जा सकता है। वायरल वीडियो को अब तक हजारों लाइक और लगभग 70,000 से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे, जिनमें से अधिकांश ने भारत आने के उनके निर्णय की सराहना की थी। एक यूजर ने कहा, 'यूरोप में रहने वाले एक भारतीय के रूप में, मुझे अपने भारत की बहुत याद आती है। लेकिन मुझे यह देखकर खुशी होती है कि अधिक से अधिक विदेशी मेरे देश की सराहना कर रहे हैं और उससे प्यार कर रहे हैं।' दूसरे ने कहा कि, 'मुझे सचमुच जलन हो रही है।' तीसरी महिला ने कहा कि, 'मेरे पति भारतीय हैं, हमारी मुलाकात और शादी भारत में ही हुई। फिलहाल हम इटली और भारत के बीच आवागमन करते हैं, लेकिन हमें इस बात का स्पष्ट अंदाजा है कि एक दिन हम कहां रहेंगे...भारत में जीवन सरल और आसान है।' एक और महिला यूजर ने कहा कि, मैं भारतीय हूं और मेरे पति अमेरिकी हैं। हम बहुत जल्द भारत जाने की तैयारी में हैं। मैं वहां जाने के लिए बेताब हूं।'
