Durga Puja Viral Video: शारदीय नवरात्र की वेला पर भारत समेत तमाम देशों के लोग भक्तिमय हो चुके हैं। इन सबके बीच नवरात्र से जुड़े कई वीडियोज और फोटो वायरल हो रहे हैं। एक ऐसा ही वीडियो कोलकाता की दुर्गा पूजा के पंडाल से भी सामने आया। यहां पर दुर्गा पूजा के एक पंडाल में कोलकाता की अंडरवाटर मेट्रो की आकृति बनाई गई है। इस पंडाल को इतनी खूबसूरती से डिजाइन किया गया है जिसे सोशल मीडिया पर देख लोग तारीफ करते नहीं थक रहे। एक वीडियो में लोगों को एस्केलेटर के साथ मेट्रो सिस्टम पंडाल में प्रवेश करते देखा जा सकता है। यह पंडाल कोलकाता मेट्रो रेल के 40 वर्ष पूरे होने की याद दिलाता है और इस वर्ष के प्रारंभ में शुरू हुई ग्रीन लाइन अंडरवाटर मेट्रो को भी दर्शाता है।
इस वर्ष मार्च में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड मेट्रो के अंडरवाटर सेक्शन का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा था, 'यह गर्व का क्षण है कि इस सेक्शन में हमारे देश की किसी भी प्रमुख नदी के नीचे पहली अंडरवाटर मेट्रो परिवहन सुरंग है।' इंस्टाग्राम पर दुर्गा पूजा के पंडाल का वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'कोलकाता जगत मुखर्जी पार्क दुर्गापूजा'24 में पहले अंडरवाटर मेट्रो थीम वाले पंडाल का पूरा नजारा।'
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल की थीम गंगा नदी के प्रदूषण के इर्द-गिर्द घूमती है। मां दुर्गा की मूर्ति नदी के बीच में मगरमच्छ पर बैठी देवी गंगा का रूप लेती है और उसके चारों ओर देवता प्रार्थना करते हैं। पंडाल के डिजाइनर ने कहा कि डिजाइन तैयार करने और पंडाल के लिए मेट्रो प्रणाली को पुनः बनाने के लिए उन्हें पानी के नीचे की मेट्रो में कई बार यात्रा करनी पड़ी।
पंडाल के जीवन्त रूप देने के लिए मेट्रो इंटीरियर को बिल्कुल वास्तविक रूप दिया गया। इसी चीज ने सोशल मीडिया पर यूजर्स को काफी प्रभावित किया, जिन्होंने ट्रेन की सीटों से लेकर स्लाइडिंग दरवाजों के साथ-साथ साइनेज तक, अनूठे पंडाल के विवरण की प्रशंसा की।
पंडाल में मेट्रो के डिब्बे हाइड्रोलिक प्रणाली पर बनाए गए हैं जो वास्तविक रेलगाड़ी की तरह कंपन और हिलते हैं। वीडियो को देख्रकर कई यूजर्स ने प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने कहा कि, 'यह बिल्कुल वास्तविक लग रहा है। पहले तो मुझे लगा कि यह सचमुच मेट्रो है।' दूसरे यूजर ने कहा कि, 'बंगाली लोग कुछ भी बना सकते हैं।' तीसरे यूजर ने यथार्थवादी प्रतिकृति की प्रशंसा करते हुए कहा, 'निर्माताओं को बधाई।'
