Israel Iran conflict: सोशल मीडिया पर इन दिनों रानी नाम की एक महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। रानी मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं, लेकिन फिलहाल इजरायल में रहती हैं। वह वहां के हालातों को अपने वीडियो के जरिए लोगों तक पहुंचा रही हैं, खासकर युद्ध जैसी स्थिति को बहुत करीब से दिखा रही हैं। रानी के वीडियो सिर्फ देखने भर के लिए नहीं हैं, बल्कि वे वहां की सच्चाई को भी सामने लाते हैं। एक वायरल रील में देखा जा सकता है कि रानी खाना खाने बैठती हैं, लेकिन तभी अचानक मिसाइल हमले का सायरन बजने लगता है।
इजरायल से रानी की रील्स हुई वायरल (Photo: Instagram/rani_gorsera)
बंकर की दीवारें तक हिल गईं
सायरन की आवाज सुनते ही वह घबरा जाती हैं और बिना खाना खाए तुरंत अंडरग्राउंड बंकर की तरफ भागती हैं। यह वीडियो लोगों को अंदर तक हिला देने वाला है। एक अन्य वीडियो में धमाका इतना तेज होता है कि बंकर की दीवारें तक कांपने लगती हैं। बाद में पता चलता है कि मिसाइल का मलबा उनके घर के पास ही गिरा था। इन वीडियो से साफ समझ आता है कि वहां रहना कितना खतरनाक हो गया है। रानी अपने अनुभवों के जरिए बताती हैं कि वहां के लोग अब इन हालातों के आदी हो चुके हैं। लगातार धमाकों और सायरन के बीच ही उन्होंने जीना सीख लिया है।
जहां दुनिया के दूसरे हिस्सों में लोग छुट्टियों का आनंद लेते हैं, वहीं रानी बताती हैं कि उनके लिए छुट्टियां भी डर के साए में गुजरती हैं। एक वीडियो में वह कहती हैं कि आज छुट्टी का दिन है, लेकिन सुबह की शुरुआत ही मिसाइल हमलों से हुई है। रानी की ये रील्स लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि युद्ध का असली असर आम लोगों की जिंदगी पर कितना गहरा होता है। उनके वीडियो न सिर्फ जानकारी देते हैं, बल्कि लोगों को वहां के हालात का एहसास भी कराते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
