Viral Video: बिहार से इन दिनों एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक चलती ट्रेन में यात्रियों पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो भोजपुर जिले के नगरी हॉल्ट के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि, कैसे दोनों युवक यात्रियों पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अनुसार, यह हमला कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक रील बनाने के लिए रचा गया था। अधिकारियों ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान उजागर नहीं की गई है और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। आरपीएफ ने लोगों को ऐसे स्टंट करने से भी आगाह किया है, जिससे दूसरों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
एक्स पर आरपीएफ ने लिखा कि, 'बिहार के नगरी हॉल्ट के पास ट्रेन क्रॉसिंग के दौरान एक वायरल वीडियो में यात्रियों पर हमला करने के आरोप में आरपीएफ ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। एफआईआर दर्ज की गई है, अन्य की तलाश की जा रही है। जांच जारी है।' अधिकारियों ने घटना को लेकर बताया कि, वे इस कृत्य में शामिल अन्य लोगों का सक्रिय रूप से पता लगा रहे हैं। पुलिस भविष्य में इस तरह की लापरवाहीपूर्ण हरकतों को रोकने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। इस वीडियो के वायरल होने पर सोशल मीडिया पर इसकी व्यापक आलोचना की गई। यूजर्स ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, 'नगरी हॉल्ट के पास यात्रियों पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार करके आरपीएफ ने अच्छा काम किया है। उम्मीद है कि चल रही जांच में इस हिंसक घटना में शामिल अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी होगी।' कुछ यूज़र्स ने ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। एक दूसरे यूज़र ने लिखा, 'हो सकता है कि उन्होंने मनोरंजन के लिए यात्रियों की हत्या कर दी हो। एक मिसाल कायम करने और भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उन्हें फांसी दे देनी चाहिए।' वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि, 'यह मस्ती नहीं है, यह अपराध है और इन पर सख्त मामला दर्ज किया जाना चाहिए।'
