वायरल न्यूज़

VIDEO: 66 की उम्र में भी Skateboard पर जलवा, महिला ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

66 साल की इस महिला ने सबसे उम्रदराज महिला प्रतिस्पर्धी स्केटबोर्डर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इनके वीडियो को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया है।

Image

66 साल की जूडी ओयामा का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। (Instagram/@GuinnessWorldRecord)

उम्र सिर्फ एक नंबर है, यह बात कई लोग कहते हैं, लेकिन कुछ लोग इसे अपनी जिंदगी में सच करके दिखाते हैं। अमेरिका की जूडी ओयामा (Judi Oyama) ऐसी ही एक मिसाल हैं। 66 साल की उम्र में भी वह प्रोफेशनल स्केटबोर्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रही हैं और अपने शानदार प्रदर्शन से लोगों को हैरान कर रही हैं। जूडी ओयामा (Judi Oyama) का नाम सबसे उम्रदराज महिला प्रतियोगी स्केटबोर्डर के तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। खास बात यह है कि वह सिर्फ रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती हैं। वह लगातार अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर करने की कोशिश कर रही हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

भाई के बोर्ड से शुरू हुआ सफर

जूडी ओयामा का स्केटबोर्डिंग से रिश्ता करीब 50 साल से भी ज्यादा पुराना है। उनकी शुरुआत उस समय हुई, जब उनके भाई एक बोर्ड घर लेकर आए थे। यही छोटा-सा मौका आगे चलकर जूडी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया। उन्होंने स्केटबोर्डिंग को सिर्फ शौक की तरह नहीं लिया। समय के साथ उन्होंने इसमें मेहनत की और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया। दशकों तक इस खेल से जुड़े रहने के बाद भी उनका जुनून कम नहीं हुआ। उनका सफर इसलिए भी खास है क्योंकि स्केटबोर्डिंग को लंबे समय तक युवाओं और खासकर लड़कों से जुड़ा खेल माना जाता रहा है लेकिन जूडी ने इन विचारों को गलत साबित कर दिखाया और साथ ही साथ दूसरी महिलाओं के लिए भी रास्ता बनाया।

उम्र को नहीं बनने दिया रुकावट

आज जब ज्यादातर लोग 60 की उम्र के बाद आराम की जिंदगी के बारे में सोचते हैं, जूडी ओयामा स्केटबोर्ड (Skateboard) पर अपना हुनर दिखा रही हैं। वह लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर साबित कर रही हैं कि किसी सपने को पूरा करने की कोई तय उम्र नहीं होती। जूडी ओयामा (Judi Oyama) का कहना है कि लोगों को नकारात्मक बातें करने वालों की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों के साथ रहना चाहिए जो आपके लक्ष्य का समर्थन करें और उसे हासिल करने में आपकी मदद करें। उन्होंने अपने साथी स्केटबोर्डर्स को एक बेहद जरूरी सलाह भी दी है। उन्होंने कहा कि स्केटिंग करते वक्त हेलमेट जरूर पहनें।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article