पंजाब के मोगा से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां नई इनोवा खरीदने के करीब पांच महीने बाद भी गाड़ी की RC नहीं बनने से परेशान एक ग्राहक ने अलग तरीके से अपना विरोध जताया। ग्राहक ने अपनी नई इनोवा पर चारा लाद दिया और फिर उसे बैल से खिंचवाकर सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों की नजरें इस अनोखे प्रदर्शन पर टिक गईं। फिलहाल इस प्रदर्शन का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
नई इनोवा को बैल से खिंचवाते हुए शख्स (Times Now Navbharat)
31 लाख की नई इनोवा खरीदी
मोगा के रहने वाले दविंदरपाल सिंह के अनुसार, उन्होंने करीब पांच महीने पहले टोयोटा की नई इनोवा खरीदने के लिए करीब 31 लाख 30 हजार रुपये में बुकिंग कराई थी। बाद में कंपनी की ओर से गाड़ी की कीमत बढ़ाए जाने की बात कही गई। इसके बाद उन्होंने करीब 54 हजार रुपये अतिरिक्त भी जमा करवाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
5 महीने के बाद भी नहीं बन पाई RC
दविंदरपाल सिंह का कहना है कि इतनी रकम देने के बाद भी उनकी गाड़ी की RC नहीं बन पाई। RC बनवाने के लिए जब वह चंडीगढ़ स्थित RTO कार्यालय पहुंचे तो वहां उन्हें बिलिंग से जुड़ी समस्या के बारे में बताया गया। उनके मुताबिक, RTO के रिकॉर्ड में दर्ज रकम और गाड़ी की बिलिंग राशि में अंतर था। अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा कि जब तक बिलिंग की जानकारी सही नहीं होती, तब तक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकता। ग्राहक का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों से कई बार बात की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था नहीं होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है और इसी वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परेशान मालिक ने नई इनोवा को बना दिया ‘चारे वाली गाड़ी’
मामला तब और दिलचस्प हो गया जब दविंदरपाल सिंह के अनुसार, एजेंसी के एक कर्मचारी ने कथित तौर पर उनसे कह दिया कि अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो। ग्राहक ने इस बात को गंभीरता से लिया और अपनी नई इनोवा पर चारा लादकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने बैल के जरिए गाड़ी को खिंचवाया और मोगा की सड़कों पर अपना विरोध जताया। वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि शख्स अपनी नई इनोवा को बैल से खिंचवा रहा है। पीछे टोयटा का शोरूम साफतौर पर देखा जा सकता है। उनका कहना है कि उन्होंने यह तरीका कंपनी और एजेंसी का ध्यान अपनी समस्या की ओर खींचने के लिए अपनाया है। दविंदरपाल सिंह ने कंपनी और एजेंसी से जल्द से जल्द बिलिंग से जुड़ी समस्या दूर करने और उनकी गाड़ी की RC बनवाने की मांग की है। फिलहाल इस पूरे मामले में संबंधित एजेंसी या कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
