वायरल न्यूज़

VIDEO: सड़क पर एक साथ उतरीं सैकड़ों लग्जरी कारें, नजारा देख रह गई हैरान दुनिया, बना अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड

किसी सड़क से गुजरती हुई कोई सुपरकार दिख जाए तो लोगों की नजरें उस पर ही टिक जाती हैं लेकिन तब क्या होगा जब आप एक ही जगह इस तरह की सैकड़ों कार देखेंगे।

Image

एक ही जगह पर दिखीं सैकड़ों सुपरकार (Instagram/@GWR)

दुनिया में जब भी सुपरकार और हाइपरकार की बात होती है, तो तेज रफ्तार, शानदार डिजाइन और करोड़ों रुपये की कीमत वाली गाड़ियां लोगों का ध्यान खींचती हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका में इन कारों से जुड़ा एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक ही जगह पर 243 सुपरकार और हाइपरकार एक साथ जुटीं और एक नया रिकॉर्ड बना दिया। इस अनोखे रिकॉर्ड का वीडियो (Video) इंस्टाग्राम पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने शेयर किया है।

243 सुपरकार का शानदार जमावड़ा

यह खास आयोजन 19 जुलाई 2026 को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुआ। इस दौरान 243 सुपरकार और हाइपरकार को एक साथ प्रदर्शित किया गया। इस उपलब्धि को फेरिस होप फ़ाउंडेशन (Ferris Hope Foundation NPC) ने हासिल किया। इस पूरे आयोजन के पीछे सिर्फ रिकॉर्ड बनाना ही मकसद नहीं था। इसके पीछे एक बेहद खास और नेक उद्देश्य भी जुड़ा हुआ है। इस कार्यक्रम के जरिए दक्षिण अफ्रीका में गैंडों को बचाने और उनकी मदद करने की कोशिश की जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

243 सुपरकार और एक खास मकसद

दरअसल, फेरिस होप फ़ाउंडेशन (Ferris Hope Foundation) ने साल 2021 में सुपरकार राइनो रन (Supercar Rhino Run) की शुरुआत की थी। उस समय इस कार्यक्रम में करीब 30 कारें शामिल हुई थीं। इसका उद्देश्य राइनो कनेक्ट (Rhino Connect) को मदद पहुंचाना था। दक्षिण अफ्रीका में गैंडों के अवैध शिकार यानी राइनो पॉचिंग की समस्या काफी गंभीर रही है। शिकारियों की वजह से बड़ी संख्या में गैंडों की जान जाती है और कई छोटे गैंडे अपनी मां से हमेशा के लिए अलग हो जाते हैं। ऐसे अनाथ गैंडों की देखभाल करना बेहद मुश्किल काम है।

राइनो कनेक्ट (Rhino Connect) ऐसे ही अनाथ गैंडों की देखभाल करने में मदद करता है। छोटे गैंडों को स्वस्थ रखने के लिए उन्हें पर्याप्त दूध और जरूरी देखभाल की जरूरत होती है। सुपरकार राइनो रन (Supercar Rhino Run) से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल इन अनाथ बच्चों के लिए दूध और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाता है। यानी इस आयोजन में चमचमाती सुपरकारों के साथ एक बड़ी सामाजिक मुहिम भी जुड़ी हुई है। लोग अपनी शानदार कारों के साथ इस कार्यक्रम का हिस्सा बनते हैं और इसके जरिए गैंडों की मदद के लिए पैसे जुटाए जाते हैं। साल 2021 में केवल 30 कारों से शुरू हुआ यह सफर अब 243 सुपरकारों तक पहुंच गया है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article