सोशल मीडिया पर एक छोटी बच्ची का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। स्कूल की ड्रेस पहने यह बच्ची अपने घर के बाहर की खराब सड़क दिखाते हुए जिला प्रशासन से उसे ठीक कराने की अपील कर रही है। बच्ची की मासूम आवाज में की गई यह शिकायत लोगों का ध्यान खींच रही है।
खराब सड़क को लेकर बच्ची ने की DM से अपील
वीडियो (Video) में बच्ची सीधे कैमरे की तरफ देखकर कहती है, “डीएम अंकल, मेरे घर की रोड बनवा दीजिए। बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं, पानी भर जाता है।” बच्ची की बात जितनी मासूम है, उसके पीछे की समस्या उतनी ही गंभीर नजर आती है। वायरल क्लिप में बच्ची के पीछे सड़क की हालत भी दिखाई देती है। सड़क पर कई बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं और उनमें बारिश का पानी भरा हुआ है। ऐसे में वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए भी ऐसी सड़क बहुत मुश्किल और जोखिम भरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का बताया जा रहा है यह वीडियो
सोशल मीडिया (Social Media) पर शेयर किए जा रहे पोस्ट के मुताबिक, यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो (Viral Video) के आधार पर इसकी स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती। पोस्ट में दावा किया गया है कि बच्ची के घर के बाहर सड़क काफी समय से खराब है और बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर खूब हो रहा वायरल
इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @PayallSingh13 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने बाराबंकी जिला प्रशासन को टैग किया। लोगों ने प्रशासन से बच्ची की शिकायत पर ध्यान देने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की। कुछ लोगों ने कहा कि जब एक छोटी बच्ची को खुद सड़क की समस्या बताकर अधिकारियों से मदद मांगनी पड़ रही है, तो इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
