viral News: चीन में एक व्यक्ति ने लॉटरी टिकटों पर बड़ी रकम हारने के बाद लॉटरी दुकान और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हेफेई शहर में रहने वाले ‘हे’ नाम के व्यक्ति ने एक महीने के अंदर करीब 9 लाख युआन, यानी लगभग 1,30,000 अमेरिकी डॉलर, लॉटरी टिकट (China lottery news) खरीदने में खर्च कर दिए। लेकिन उन्हें कोई इनाम नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने लॉटरी बेचने वाले एजेंट और लॉटरी प्रबंधन केंद्र पर मुकदमा दायर किया। उन्होंने मांग की कि उनकी पूरी रकम ब्याज सहित वापस की जाए।
चीनी व्यक्ति ने लॉटरी में गंवाए 1.30 लाख डॉलर (फोटो: iStock)
इस महीने की शुरुआत में याचिका हो गई खारिज
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक उनका आरोप है कि टिकट खरीदने की प्रक्रिया सही तरीके से नहीं की गई। मामला हेफेई के बाओहे जिला पीपुल्स कोर्ट में पहुंचा। अदालत ने इस महीने की शुरुआत में उनकी याचिका खारिज कर दी। कोर्ट के फैसले के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हे ने सितंबर 2023 में झांग नाम के व्यक्ति की लॉटरी दुकान से कई टिकट खरीदे थे। झांग स्थानीय लॉटरी प्रबंधन केंद्र का अधिकृत बिक्री एजेंट है।
यह मामला चीन में बना बहस का विषय
हे आमतौर पर सोशल मीडिया ऐप के जरिए टिकट चुनते थे। वे टिकट के पैसे सीधे झांग के बैंक खाते में ट्रांसफर कर देते थे। पैसे मिलने के बाद झांग दुकान से टिकट खरीदता था और उनकी तस्वीर खींचकर हे को भेज देता था। जब हे को पता चला कि उन्हें कोई इनाम नहीं मिला है, तो उन्होंने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। हालांकि अदालत ने उनकी शिकायत को स्वीकार नहीं किया। अब यह मामला चीन में बहस का विषय बना हुआ है और लोग इस पर अलग-अलग राय दे रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस खबर को पढ़कर हैरानी भी जता रहे हैं।
